ग्वालियर हाईवे स्थित करारी में रविवार की रात सवारियों से खचाखच भरी जीप में गलत साइड में दौड़ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें महिला व बच्ची समेत 11 लोगों की मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
रविवार की रात करीब नौ बजे बीकेडी चौराहा पर जीप संख्या एमपी33डी- 0085 के चालक ने डेढ़ दर्जन से ज्यादा सवारियों को गंतव्य पहुंचाने के लिए बैठाया। जीप दतिया की तरफ दौड़ते हुए हाइवे पर जा रही थी। करारी में राधास्वामी आश्रम के नजदीक सामने से आए ट्रक संख्या आरजे02ईए- 7725 ने जीप में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए और पलटा खाते हुए दूर जाकर गिरी। जीप में बैठी सवारियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को हादसे की सूचना देकर जीप में फंसी सवारियों को निकालना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में सीपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इन लोगों की हुई है मौत
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जीप में फंसे लोगों को बाहर निकाला और मेडिकल कालेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 11 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जिसमें समाचार लिखे जाने तक चार की शिनाख्त नहीं हो सकी।
मरने वालों में मंजू लता पुत्री तुलसीराम निवासी लहूमपुर दतिया, पुत्तनलाल पुत्र गोविंद, उसकी पत्नी शगुन निवासीगण प्रेमनगर, सत्येंद्र पुत्र शेर सिंह निवासी हंसारी प्रेमनगर, सुल्तान निवासी नगरा प्रेमनगर, उसकी बेटी साक्षी निवासीगण नगरा प्रेमनगर, कोमल निवासी पता नहीं चल सका।
वहीं, गंभीर रूप से घायलों में रामराजा निवासी सीपरी बाजार, भगवत निवासी दतिया, किशोरी लाल सोनी निवासी दतिया, निर्मला निवासी प्रेमनगर, दंगल निवासी मथनपुरा सीपरी बाजार व फूल सिंह है।