रक्षा मंत्री एके एंटनी ने नशीली दवाओं की तस्करी मामले में कर्नल रैंक के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर सहित पांच लोगों की गिरफ्तारी को लेकर रिपोर्ट तलब की है।
सूत्रों के अनुसार एंटनी ने रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा से घटना की जानकारी मंगाई है। सेना पहले ही जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दे चुकी है।
वहीं पब्लिक रिलेशन ऑफिसर अजय चौधरी सहित पांच अन्य आरोपियों को आठ मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सोमवार को यह आदेश दिया। गिरफ्तार सभी लोगों पर नारकोटिक ड्रग एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कर्नल अजय चौधरी, उनके सहयोगी आरके बबलू, इंडिगो असिस्टेंट मैनेजर बृजेंद्र सिंह के अलावा तीन और लोगों को रविवार को चांदेल जिले के पल्लेल से गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों में से एक का संबंध राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी से है, जबकि एक अन्य का ताल्लुक पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक से है।
गिरफ्तारी के बाद कर्नल चौधरी ने कनसाइनमेंट में ड्रग रखे जाने की जानकारी होने से इंकार किया था। इन ड्रग्स की कीमत 24 करोड़ रुपये आंकी गई है। इन्हें पड़ोसी देश म्यांमार भेजा जा रहा था। राज्य में अब तक का यह पकड़ा गया सबसे बड़ा ड्रग्स का जखीरा है।