सांसद व भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी को आतंकवादियों से मिली धमकी का मामला उछलने के बाद आखिरकार केंद्र सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने नकवी से बात कर उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का भरोसा दिया है।
नकवी के अनुसार जमात उद दावा प्रमुख हाफिज सईद के खिलाफ बोलने पर उन्हें 16 फरवरी को धमकी भरा फोन आया था। गृहमंत्री को दी शिकायत में नकवी ने कहा कि उन्हें सईद के खिलाफ बोलने पर इसका अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई है।
राज्यसभा सांसद नकवी की इस शिकायत पर सात दिन तक भी कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वैंकेया नायडू ने शुक्रवार को संसद परिसर में यह मामला मीडिया के सामने उठा दिया। इसके बाद गृह मंत्रालय सक्रिय हो गया।
रात को शिंदे ने नकवी से बात की और उन्हें बताया कि मामले की जांच आईबी को सौंप दी है। साथ ही संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिये गये हैं।
नकवी ने इस धमकी पर कहा कि हैदराबाद के बम धमाके और उन्हें मिली धमकी से साफ है कि आतंकी संगठन देश में अशांति फैलाना चाहते हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस तरह के मामलों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।