मुंबई कांग्रेस की कांग्रेस दर्शन पत्रिका में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और जवाहरलाल नेहरू पर छपे विवादित लेख के मामले में संजय निरुपम की परेशानी बढ़ती जा रही है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष निरुपम समेत पत्रिका के संपादक को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
बुधवार को इस संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटोनी की अध्यक्षता वाली अनुशासनात्मक समिति ने कारण बताओ नोटिस जारी किया और उनसे जवाब मांगा गया है। इससे दो दिन पहले संजय निरुपम ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। जिसके बाद राहुल का दो दिन (15-16 जनवरी) का मुंबई दौरा भी तय हो गया।
इससे विरोधी गुट को यह संदेश गया कि निरुपम पर आलाकमान मेहरबान है। लेकिन, राहुल के मुंबई दौरे से पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी होने से इस चर्चा को बल मिला है कि कांग्रेस आलाकमान निरुपम की सफाई से संतुष्ट नहीं है।