बनारस में नरेंद्र मोदी के नामांकन के मौके पर भीड़ उमड़ने और दिनभर टीवी चैनलों पर इसके सीधे प्रसारण से कांग्रेस तिलमिला गई है।
पार्टी ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि भाजपा के पीएम उम्मीदवार ने सुनियोजित तरीके से मतदान के दिन ही नामांकन दाखिल किया ताकि वोटरों को प्रभावित किया जा सके।
पार्टी ने चुनाव आयोग से सीधे कहा है कि वे नोटिस नहीं बल्कि मोदी और भाजपा नेताओं के खिलाफ सीधे कार्रवाई करें। चुनाव आचार संहिता तोड़ने के लिए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
अब देश देखेगा कि आयोग क्या करेगा: कांग्रेस
पार्टी ने आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा है कि टीवी चैनलों पर सीधे प्रसारण को रोकने के लिए उसकी ओर से निर्देश दिए जाने चाहिए थे। चुनाव आयोग को भी चुनौती देते हुए पार्टी ने कहा कि अब देश देखेगा कि आयोग अब क्या करेगा।
पार्टी को ऐतराज है कि मोदी के नामांकन का कार्यक्रम जिस तरह टीवी चैनलों पर दिनभर दिखाया जा रहा है। उससे 117 सीटों पर मतदान प्रभावित हो सकता है।
पार्टी का कहना है कि इन लोकसभा क्षेत्रों में टीवी प्रसारण पर रोक लगाने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की थी। उसे निर्देश देने चाहिए थे।
राहुल के मुद्दे पर जवाब देना पड़ा भारी
हालांकि पार्टी को इस बात का जवाब देना भारी पड़ गया कि राहुल ने जिस दिन अमेठी में नामांकन भरा था, तो उस दिन भी उत्तर पूर्वी राज्यों की कुछ सीटों पर मतदान था।
पार्टी प्रवक्ता आनंद शर्मा ने तर्क दिया कि 117 सीटों पर मतदान के दिन नामांकन करना ठीक नहीं है। उस दिन ज्यादा सीटों पर मतदान नहीं था।
आनंद शर्मा ने कहा कि मोदी और भाजपा के नेताओं ने जानबूझकर ये दिन चुना। उनके खिलाफ आयोग को कार्रवाई करनी चाहिए। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि टीवी चैनलों के प्रसारण पर रोक लगाने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की थी। उसे रोक लगानी चाहिए थी।
सुनामी हमेशा तबाही लाती है: कांग्रेस
भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव में ‘मोदी की सुनामी’ बताए जाने पर कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा है कि सुनामी हमेशा तबाही लाती है।
कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सुनामी जहां भी आती है तबाही और दुख लाती है। उन्होंने कहा कि हम प्रार्थना करते हैं कि सुनामी न आए।
भाजपा महासचिव अमित शाह ने पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के वाराणसी से नामांकन पत्र भरने के बाद वहां संवाददाताओं से कहा था कि पहले देश में मोदी की लहर थी अब सुनामी है।