भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वाराणसी में पर्चा दाखिल करते समय 1.65 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की।
यह रकम एक पखवाड़ा पहले वडोदरा सीट के लिए पर्चा दाखिल करते वक्त घोषित संपत्ति से 14.34 लाख रुपये अधिक है।
वडोदरा में मोदी ने जो संपत्ति घोषित की थी उसकी तुलना में अब उनके बैंक बैलेंस में 14.31 लाख रुपये ज्यादा हैं। उनके पास तीन हजार रुपये की नकदी भी बढ़ी है। इस तरह उनकी कुल संपत्ति में 14.34 लाख रुपये का इजाफा हुआ है।
केजरीवाल से मोदी की संपत्ति 68 लाख रुपये ज्यादा
प्रमुख प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल से मोदी की संपत्ति 68 लाख रुपये ज्यादा है।
केजरीवाल ने बुधवार को अपना पर्चा दाखिल किया था और इसमें उन्होंने 96.25 लाख रुपये की संपत्ति घोषित की थी। हालांकि पत्नी की संपत्ति मिलाकर उनके पास 2.14 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है।
मोदी की संपत्ति में सिर्फ नकदी और बैंक बैलेंस के मद में बढ़ोतरी हुई है। बाकी संपत्ति में इजाफा नहीं हुआ है। जहां तक पत्नी जसोदाबेन की संपत्ति का सवाल है तो मोदी ने इसके आगे ‘मालूम नहीं’ लिखा है।
संपत्ति के ब्योरे में वाराणसी में मोदी के लिए खोले गए बैंक में मौजूद 5000 रुपये का जिक्र किया है। वडोदरा के चुनाव खाते में 25.52 लाख रुपये हैं। मोदी के शपथ पत्र में गुजरात में उनके अन्य खातों का भी जिक्र है।
और ये है मोदी की कुल संपत्ति
शपथ पत्र के मुताबिक मोदी के पास 32,700 रुपये की नकदी है। बैंक बैंलेंस 26.05 लाख रुपये का है और 32.49 लाख रुपये का फिक्स्ड डिपोजिट है।
उन्होंने टैक्स राहत वाले एलएंडटी इन्फ्रा बांड में भी 20000 रुपये निवेश किया है। पोस्ट बैंक की बचत योजनाओं और इंश्योरेंस पॉलिसी में 4.34 लाख रुपये का निवेश है।
मोदी के पास चार सोने की अंगुठियां हैं और उनकी कीमत है 1.35 लाख रुपये। उन्होंने वर्ष 2011-12 में 54,403 रुपये का आयकर रिफंड भरा था। जबकि वर्ष 2012-13 यह रिफंड 61,065 रुपये का है।