राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा के गिरफ्तार 15 में से 12 संदिग्ध सदस्यों के खिलाफ बुधवार को यहां एक स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। इन सभी पर कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में दिग्गज राजनीतिक हस्तियों और पत्रकारों की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार तीन अन्य संदिग्ध आतंकियों के खिलाफ मामले की जांच जारी रहेगी। इस मामले में पिछले साल अगस्त और सितंबर में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि दस अन्य अभी भी फरार हैं। चार्जशीट में पुलिस ने कहा है कि लश्कर-ए-ताइबा के ये सदस्य भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देना चाहते थे।
इन्होंने बंगलूरू, हुबली, हैदराबाद और नांदेड में दिग्गज राजनीतिज्ञों और पत्रकारों को निशाना बनाने की साजिश रची थी। अपने नापाक इरादों को अंजाम देने के लिए आतंकियों ने हथियार और विस्फोटक जुटाए थे और कई वाहन भी चोरी कर लिए थे।
चार्जशीट के मुताबिक साथी आतंकियों से धन हासिल करने के अलावा साजिशकर्ता डकैती और चोरी के जरिए और अधिक धन जुटाने की भी तैयारी में थे।