मुरादाबाद में गलशहीद के मोहल्ला संभली गेट तंबाकियान निवासी एक शिक्षिका ने इंस्पेक्टर कटघर अनिल राघव पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के आरोप लगाते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में केस दर्ज कराया है।
अदालत ने छेड़छाड़ समेत दस से ज्यादा धाराओं में मामले को दर्ज करते हुए सुनवाई शुरू कर दी है। इस मामले की सुनवाई के लिए अदालत ने 17 नवंबर की तारीख तय की है। जिसमें पीड़िता के बयान दर्ज होंगे।
संभली गेट तंबाकियान निवासी एक युवती बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका है और इन दिनों कुंदरकी क्षेत्र में एक स्कूल में तैनात है। युवती ने अपने अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता के माध्यम से कोर्ट में दाखिल याचिका में आरोप लगाया है कि 28 अक्तूबर 2014 को दोपहर करीब तीन बजे जब वह स्कूल से लौटी तो इंस्पेक्टर कघटर अनिल राघव पीछे से घर में घुस आए।
शिक्षिका का आरोप है कि इंस्पेक्टर कुछ भू माफियाओं के साथ मिलकर जबरन उनकी जमीन पर कब्जा कराना चाहते हैं और उन्होंने अपने पास शिकायत होने की बात कहकर उसके भूखंड के असल कागजात ले लिए। इसके बाद धमकाते हुए जाकिर के हक में रजिस्ट्री करने को कहा।
शिक्षिका ने याचिका में आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इंस्पेक्टर की हरकत का विरोध किया तो भड़के इंस्पेक्टर ने प्रार्थिनी को थप्पड़ मारा और पिस्तौल के बल पर गोली मारने की धमकी देते हुए उनसे दुराचार करने की कोशिश की।
शिक्षिका की चीख सुनकर आए भाई ने उसे बचाया। अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि अदालत ने मामले को दर्ज कर लिया है और सुनवाई के लिए 17 नवंबर की तारीख तय की है।