भाजपा ने हरियाणा सरकार पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा की कंपनी और डीएलएफ समूह के बीच हुए भूमि सौदे की पूरी जानकारी चुनाव आयोग को मुहैया न कराने का आरोप लगाया है।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वाड्रा को बचाने के लिए राज्य सरकार ने चुनाव आयोग को आधी अधूरी जानकारी देकर गुमराह किया। उन्होंने हरियाणा में सरकार बनाने के बाद इस मामले की पारदर्शी जांच कराने की भी घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने बुधवार की रात कहा था कि राबर्ट वाड्रा और रियल स्टेट कंपनी डीएलएफ के बीच हुए भूमि सौदे मामले में चुनाव आचार संहिता का किसी तरह का उल्लंघन नहीं दिखता है।
इस विवाद ने तब तूल पकड़ा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा सरकार पर आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए आनन-फानन में सौदे को मंजूरी देने का आरोप लगाया।