बरेली के बड़ा बाईपास पर नवदिया झादा गांव के सामने बड़ा हादसा हो गया। गलत साइड से आ रहा आक्सीजन के टैंकर से पहले फरीदपुर की तरफ से आ रहा एक ट्रक भिड़ा और फिर उसके पीछे से आ रहे पांच और ट्रक एक के बाद एक भिड़ते चले गए।
हादसे में राजस्थान के दो ट्रक ड्राइवरों की मौत हो गई, जबकि दस लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रकों को काटकर सात घंटे की मशक्कत के बाद शवों को निकाला जा सका।
कबाड़ से लदा ट्रक संख्या यूपी-20-5920 फरीदपुर से बरेली की तरफ जा रहा था। उसके पीछे ट्रक संख्या आरजे-10 जीए-6407 चल रहा था। इसे चुरू (राजस्थान) के तारानगर, जिकसाना गांव का बजरंगी सिंह चला रहा था।
इसके पीछे भी राजस्थान का ही ट्रक संख्या आरजे-14 जीसी-7154 था। इसे इंडौली (बूंदी) के गोकुलपुरा निवासी शंकरलाल चला रहा था। इन्हीं ट्रकों के साथ राजस्थान का एक और ट्रक भी था। तीनों ट्रक शाहजहांपुर से चावल लेकर हरियाणा जा रहे थे।