केंद्र और महाराष्ट्र की सरकार में शामिल और एनडीए के सयोगी दल शिवसेना ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। शिवसेना ने भाजपा को नकली रामभक्तों की पार्टी करार दिया है।
शिवसेना के उत्तर प्रदेश प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी आयोध्या में राम मंदिर बनाने के मुद्दे के साथ प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव में उतरेगी। अनिल सिंह ने अल्पसंख्यक समुदाय पर भी निशाना साधा।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, शिवसेना नेता ने कहा कि मुस्लिमों को मुफ्त में सारी सुविधाएं और नौकरियों मे कोटा देकर उन्हें सशक्त नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों को तभी सशक्त बनाया जा सकता है जब वो दो बच्चे पैदा करने का नियम अपनाएं और नसबंदी के लिए राजी हों।
इससे पहले शिवसेना के ही नेता संजय राउत ने मुस्लिमों से वोट का अधिकार छीनने का विवादित बयान दिया था।