केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा के इस्तीफे और तमिल मुद्दे पर हंगामे की वजह से बुधवार को संसद के दोनों सदनों का कामकाज बाधित हुआ।
राज्य सभा में इस दौरान अजीब वाकया देखने को मिला। द्रमुक सांसद वसंती स्टालिन राज्य सभा में श्रीलंकाई तमिलों के मुद्दे को जोरशोर से उठाने के दौरान इतनी उत्तेजित हो गई कि वह बेहोश होकर सदन में ही गिर पड़ी।
यह देखते ही अन्य सांसद हकाबक्का रह गए। थोड़ी देर में स्टालिन के लिए स्ट्रेचर लाया गया, लेकिन उन्हें स्ट्रेचर पर लेटाने के बजाय सांसदों ने सहारा देकर उन्हें खडा किया।
तभी डॉक्टरों को सदन में बुलाया गया और फिर डॉक्टर वसंती स्टालिन को इलाज के लिए बाहर ले गए।
राज्यसभा में कामकाज बाधित
राज्यसभा में इस मुद्दे पर प्रश्नकाल स्थगित होने के बाद दोबारा 12 बजे कार्यवाही शुरू हुई तो द्रमुक, अन्नाद्रमुक और सपा सांसद फिर हंगामा करने लगे।
इसके कारण सदन की कार्यवाही अपराह्र दो बजे तक और इसके बाद तीन बजे तक स्थगित करनी पड़ी। वहीं हंगामा जारी रहने से लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इधर समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की है। इन दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
राज्य सभा और लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही अन्नाद्रमुक, द्रमुक और सपा के सांसद हंगामा करने लगे।
लोकसभा में द्रमुक और अन्नाद्रमुक सांसद श्रीलंकाई तमिलों की दुर्दशा के विरोध में नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के आसन के पास तक पहुंच गए। वहीं सपा के सदस्य बेनी प्रसाद वर्मा को बर्खास्त करने की मांग पर अड़े रहे।
सांसदों ने सभापति की बात अनसुनी की
राज्य सभा में सपा के कई सांसद सभापति हामिद अंसारी के आसन के पास पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। वहीं अन्नाद्रमुक नेता एम मेत्रेयन के नेतृत्व में भी सांसदों ने हंगामा जारी रखा।
हामिद अंसारी ने कई बार इन सांसदों से कहा कि अब आप लोग जाइए, बहुत हो गया। लेकिन ये सांसद अपनी बात पर अड़े रहे। हंगामा थमता न देख अंसारी ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।