कहते सब हैं कि मेरा ये रिश्ता अटूट है, लेकिन इसको यथार्थ करने की मिसाल कम ही मिलती है।
ऐसा ही एक रिश्ता अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने झांसी जिले के गांव कटेरा निवासी राज मिस्त्री रामदास अहिरवार से बनाया, जिसको वे पिछले पांच वर्ष से बराबर निभा रहे हैं और इस परिवार को भी बराबर अटूट रिश्ते होने का अहसास करा रहे हैं।
अमेरिकी के राष्ट्रपति बराक ओबामा साल 2010 में भारत दौरे पर आए थे। उस दौरान उन्होंने दिल्ली के हुमायूं मकबरा में राज मिस्त्री का काम कर रहे रामदास अहिरवार मुलाकात की थी। अहिरवार झांसी जिले के गांव कटेरा का रहने वाला है।
पांच साल बाद फिर रामदास से मिले बराक ओबामा
बराक ओबामा से अहिरवार की यह सामान्य सी मुलाकात पांच साल बाद इस साल गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 2015 के मौके पर आए बराक ओबामा ने फिर तरोताजा कर दी।
उन्होंने अहिरवार और उनके परिवार से मिलने की इच्छा व्यक्त की।
बराक ओबामा की इस इच्छा को पूरा किया भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने। मोदी ने विशेष तौर पर रामदास अहिरवार, उनकी पत्नी, बेटे विशाल और बेटी खुशबू अहिरवार को विशेषतौर पर उनसे मिलने के लिए बुलवाया था।
तब ओबामा और मिशेल से दिल्ली में मिले रामदास
तब ओबामा और मिशेल से दिल्ली में मिले रामदास दिल्ली के सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मिशेल ने रामदास के परिवार से करीब 20 मिनट तक मुलाकात की। इस बार परिवार ने ओबामा को महाकाली की फोटो भी भेंट की थी।
इस रिश्ते को अटूट बनाने के लिए अहिरवार के परिवार को याद रखते हुए बराक ओबामा ने अहिरवार के परिवार के साथ बिताए गए यादगार पलों की पांच तस्वीरें अमेरिका से भेजी हैं।
अमेरिकी दूतावास ने पांच तस्वीरों को परिवार तक पहुंचाया है। इतना ही नहीं, ओबामा ने साथ में एक लेटर भी भेजा है, जिसमें लिखा है कि यह रिश्ता जिंदगी भर चलेगा।
उज्जैन के महाकाल मंदिर में काम कर रहा रामदास
रामदास अहिरवार ने बताया कि वह पिछले कुछ दिन से उज्जैन के महाकाल मंदिर में काम कर रहा है। वह पिछले 25 वर्ष से पुरातत्व विभाग के लिए राज मिस्त्री का काम कर रहा है।
पहले वह मस्टरोल पर काम करता था, लेकिन अब एक आउटसोर्स कंपनी के माध्यम से काम करता है।
रामदास के अनुसार उनको चार दिन पहले दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास की गाड़ी से कुछ अफसर दिल्ली में उनके घर आकर राष्ट्रपति और उनके साथ दिल्ली में 26 जनवरी 2015 को हुई मुलाकात की पांच तस्वीर देकर गए हैं। उनका कहना है कि बराक उनके बच्चों के लिए कुछ करेंगे, जिसका वह अभी खुलासा नहीं कर सकते, लेकिन इसी साल अगस्त में सभी को पता चल जाएगा।