गुजरात दंगों पर नरेंद्र मोदी को क्लीन चिट मिल जाने से उत्साहित भाजपा ने कांग्रेस के साथ ही अब अमेरिका पर भी पलटवार किया है।
मोदी को वीजा देने से इनकार करने वाले अमेरिका पर निशाना साधते हुए राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली ने कहा कि विभिन्न जांच में गुजरात के मुख्यमंत्री के खिलाफ सबूत नहीं मिलने के बावजूद उन्हें दोषी घोषित करना अपरिपक्व कूटनीति है और यह जवाबी कार्रवाई के लिए मिसाल कायम करता है।
इसे भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताते हुए जेटली ने कहा कि इस अदूरदर्शी रुख का अमेरिका पर उल्टा प्रभाव पड़ने की संभावना है।
मोदी को क्लीन चिट मिलने के एक दिन बाद जेटली ने कहा कि इस मसले पर अमेरिकी रुख का निर्धारण साफ तौर पर ‘अवैध’ अदालत ने किया है।
उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि मोदी को अमेरिकी वीजा के लिए आवेदन ही नहीं करना चाहिए। मोदी ने साल 2005 में अमेरिका के वीजा दिए जाने से इंकार किए जाने के बाद से आवेदन नहीं किया है।