एएमयू छात्र आलमगीर हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हजारों छात्रों का आंदोलन बेहद उग्र हो गया है। सोमवार को पूर्व घोषणा के अनुसार छात्रों का हुजूम दोपहर बारह बजे मौलाना आजाद लाइब्रेरी पर एकत्र हुआ। वहां से बाब-ए-सैयद से होते हुए वापस वीसी लॉज के पास पहुंचा।
पूरे रास्ते में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव मुर्दाबाद.., सीएम अखिलेश यादव मुर्दाबाद.., पीएम नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद...,आरएसएस मुर्दाबाद.. के नारे बुलंद होते रहे। इस बीच छात्रों के एक गुट ने मुलायम सिंह यादव का पुतला बना कर उसे पेड़ से लटका कर फांसी दे दी। कुछ देर के लिए पुतले को वीसी की कार के सामने भी पेड़ से बांधा गया।
जबरदस्त नारेबाजी कर रहे छात्रों को समझाने के लिए प्रॉक्टर टीम का कोई अधिकारी दहशत में सामने तक नहीं आया। काफी देर तक प्रदर्शन के बाद खुद वीसी को छात्रों को समझाना पड़ा, लेकिन उनके समझाने के बाद भी आंदोलन अब तक टस से मस नहीं हुआ है।