अमर उजाला, बेटी ही बचाएगी अभियान का कारवां बढ़ता ही जा रहा है। मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल, सदर बाजार और बड़ा बाजार में नुक्कड़ नाटक कर बेटी की महत्ता को रेखांकित किया गया।
कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बेटी को बराबरी का दर्जा देने का आम लोगों से आह्वान किया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने अभियान को हाथों हाथ लेते हुए शपथ ली कि वह हर हाल में बेटी को बचाएंगे। भारी संख्या में लोगों ने 'बेटी के हक में शपथ पत्र भी भरे।
बेटी के हक में शपथ लेने के लिए क्लिक करें
अभिनय गुरुकुल गु्रप के नाट्य अभिनेता देवदत्त बुधौलिया की टीम बुधवार को जिला अस्पताल पहुंची। यहां पर टीम के कलाकारों ने समाज में बेटियों की दशा पर केंद्रित नाटक पेश किया।
नाटक में बताया गया कि 'बेटियों को बचपन से ही बेटे से कमतर माना जाता है, उनकी शिक्षा दीक्षा व रहन सहन पर कम ध्यान दिया जाता है, बेटियों को कई प्रकार की सामाजिक रूढिय़ों एवं मान्यताओं के बंधनों में जकड़कर रखा जाता है, जिससे उनका सही तरीके से शारीरिक व मानसिक विकास नहीं होता है।
नाटक से प्रभावित स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद यादव, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. रमेश चंद्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने 'बेटी के हक में शपथ पत्र भरे।
उन्होंने बेटियों को बराबरी का दर्जा देने एवं दिलाए जाने के लिए दूसरों को प्रेरित करने का भी संकल्प लिया। अस्पताल परिसर में मौजूद अन्य लोगों ने भी बेटी बचाने की शपथ ली।
यहां से टीम के सदस्य महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज पहुंचे। वहां भी कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक पेश कर बेटी बचाने का सभी से संकल्प लिया।
मेडिकल कालेज में जुटी भीड़ के अलावा जूनियर डाक्टर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी 'बेटी के हक में शपथ पत्र भरे। शपथ पत्र भरने वालों में जूडा अध्यक्ष डा. रविकांत, डॉ. सुशील पटेल, डॉ. ओम शर्मा, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. कल्पना, डॉ. संतोष पांडेय, डॉ. मुहम्मद अजीम, डॉ. उदय प्रताप आदि रहे।
टीम ने सदर बाजार एवं बड़ा बाजार में भी नाटक कर लोगों को बेटी बचाने के लिए प्रेरित किया। इन दोनों स्थानों पर आम लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए बेटी को बचाने की शपथ ली। उन्होंने शपथ पत्र भी भरे।
नुक्कड़ नाटक के जरिए
नुक्कड़ नाटक की टीम १६ जनवरी को बड़ागांव, पारीछा, चिरगांव व अमरा और १७ जनवरी को मोंठ व ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों को बराबरी का दर्जा देने का संदेश देगी।