समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह भाजपा का दामन थाम सकते हैं। उत्तरप्रदेश के भाजपा प्रभारी ओम माथुर से उनकी मुलाकात को भाजपा में शामिल होने के कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
हालांकि माथुर के करीबियों ने दोनों नेताओं की मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट करार दिया है। लेकिन दोनों नेताओं के बीच करीब दो घंटे की मुलाकात में केवल उत्तरप्रदेश की भावी राजनीति पर ही चर्चा हुई।
अमर सिंह ने उत्तरप्रदेश के अपने राजनीतिक अनुभवों को माथुर के साथ साझा किया। बताया जा रहा है कि अमर सिंह ने भाजपा के करीब आने का प्रयास गोरखपुर के सांसद योगी आदित्य नाथ के जरिए किया है।
सूत्रों के अनुसार योगी इन दिनों अमर सिंह के लिए भाजपा में अवसर तलाश रहे हैं। बताया जा रहा है कि माथुर के साथ अमर सिंह की मुलाकात भी योगी के कहने पर हुई है।
इससे पहले अमर सिंह गोरखपुर जाकर योगी आदित्य नाथ से मुलाकात कर चुके हैं। बुधवार को दिल्ली स्थित माथुर के अवास पर उनसे हुई सिंह की मुलाकात को भाजपा में शामिल होने के प्रयास की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।