नवंबर के दूसरे सप्ताह में बिग बॉस के घर में एंट्री करने वाले विशाल अपने आपको भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें बिग बॉस के घर में रहने का मौका मिला। हाल ही में विशाल बिग बॉस के घर से बेघर हो गए। घर से बाहर आकर विशाल ने अमर उजाला से अपने अनुभव शेयर किए। आइए जानें बिग बॉस के बारे में और अपने अनुभवों के बारे में विशाल क्या कहते हैं,
वाइल्ड कार्ड से एंट्री की और फिर अंत तक नहीं जा पाए, कैसा महसूस कर रहे हैं?
बाहर आकर बहुत अच्छा फील हो रहा है। फ्रेंड्स के साथ क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेट कर सकता हूं।
एक महीने से भी ज्यादा आप घर में रहे कैसा रहा आपका एक्सपीरिएंस?
बहुत ही यादगार। मैंने घर में बहुत ही एन्जॉय किया। हालांकि लोगों की प्रतिक्रियाएं अभी मुझे नहीं मिली है। ये तो बाद में ही पता चलेगा कि लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं। अपनी फैमिली से पूछूंगा कि मैंने शो में कुछ गलत तो नहीं किया।
आपको क्या लगता है क्या कमी रह गई थी जिससे आप बेघर हो गए?
मैं अपने बारे में कैसे बता सकता हूं, अब दिनेश जी को ही लें। वो बहुत ही अच्छे इंसान हैं। मुझे नहीं लगता कि उनमें कोई भी बैड क्वालिटी थी जो वो घर से बेघर हुए। ऐसे में मुझे नहीं लगता कि मैंने कुछ गलत किया है। वैसे ये रियैलिटी शो है जिसमें आपको कुछ ना कुछ करते रहना पड़ता है लेकिन मैं शो जीतने के लिए अपनी पर्सनेलिटी से बाहर जाकर कुछ गलत नहीं कर सकता। हो सकता है मैं इस शो में कुछ मसाला नहीं क्रिएट कर पाया इसीलिए बाहर आ गया।
आपको दुख है कि आप अंत तक नहीं खेल पाए?
नहीं ऐसा तो नहीं है। दरअसल, मैं डेस्टिनी में बहुत ज्यादा विश्वास करता हूं। मुझे खुशी है कि मैं लगभग डेढ़ महीने तक बिग बॉस के घर में रह सका।
आप किस मकसद से गए थे क्या वो सॉल्व हुआ?
मैं किसी मकसद से नहीं गया था। यहां बहुत सारे लोग किसी ना किसी मकसद से आए हैं लेकिन मैं तो एक नया एक्सपीरिएंस लेने गया था। मुझे लाइफ में एक अच्छा अवसर मिला है तो क्यों नहीं मैं एक्सेप्ट करूंगा। मैंने पहले भी रिएलिटी शोज में पार्ट लिया है लेकिन ऐसा एक्सपीरिएंस मुझे पहले कभी नहीं मिला। सचमुच बहुत अलग अनुभव था यहां।
सना से आपका क्या रिश्ता है, इस रिश्ते की सच्चाई क्या है?
सच्चाई तो ऐसी कुछ नहीं हैं हमारा कोई खास रिश्ता भी नहीं है, बिग बॉस में जाने से पहले मैं उन्हें 2-3 महीने से ही जानता हूं।
घर ये बाहर आने से एक दिन पहले आपने सना को डेट किया और आपने सना को प्रोमिस भी किया कि 12 जनवरी के बाद आप उन्हें डेट पर लेकर जाएंगे, तो क्या आप सचमुच ऐसा करने वाले हैं?
मेरी पर्सनेलिटी ऐसी नहीं है कि टास्क जीतने के लिए मैं कुछ भी बोल दूं। मैंने उन्हें कहा कि बिग बॉस से बाहर आने के बाद मैं उन्हें डेट करूंगा तो हां मैं उन्हें सचमुच डेट करूंगा। बतौर परसन सना बहुत अच्छी लड़की है।
सना के अलावा घर में आपके सबसे करीब कौन रहा?
दिनेश यादव जी और संतोष शुक्ला।
ये दोनों ही घर में नहीं थे तो फिर?
अगर इस बार मैं नहीं निकलता और सना निकल जाती तो मेरा घर में रहना वैसे ही मुश्किल हो जाता। कहीं ना कहीं घर के लोगों से बातचीत तो होती लेकिन उस लेवेल पर नहीं होती कि मैं उनसे कुछ शेयर कर सकूं।
बीच-बीच में आप करिश्मा के भी क्लोज दिखें और आपने इस बात को एक्सेप्ट भी किया?
मैं घर में जब तक भी रहा फिर चाहे वो लड़का हो या लड़की मैं किसी के पास भी बातचीत करने खुद से नहीं गया। करिश्मा से भी बात होती थी तो वो खुद ही आकर बात करती थी। शो में मुझे नहीं लगता कि किसी ने मुझे करिश्मा के साथ फ्लर्ट करते देखा है, मैंने ऐसा कोई काम नहीं किया। वैसे भी हमारी बातचीत के दौरान मैं अपनी पर्सनल बातें ही ज्यादा किया करता था।
तो क्या फ्यूचर में आप करिश्मा या किसी ओर कंटेस्टेंट के कॉन्टेक्ट में रहना पसंद करेंगे?
हां, कॉन्टेक्ट में तो मैं सबके रहना चाहूंगा। ये एक गेम शो है यहां लोग काफी कुछ करते हैं गेम जीतने के लिए। वैसे मैं यहां फ्रेंड्स बनाने आया नहीं था। बाहर अगर कोई मिलता है तो हाय-हैलो तो होगी ही।
इमाम इतना उत्पात मचा रहे हैं, क्या लगता है वो रीयल लाइफ में भी ऐसे हैं?
मैं चाहूंगा कि इमाम जैसे ही बाहर निकलें वो मेडिकल हेल्प लें। मैं ये जोक नहीं कर रहा हूं लेकिन मुझे सचमुच ऐसा लगता है कि उनमें कुछ प्रॉब्लम है। उन्हें डॉक्टर की बेहद जरूरत है क्योंकि एक आदमी की दो एक्ट्रीम पर्सनेलिटी नहीं हो सकती। जब वो सही रहते हैं तो सही रहते हैं, बुरे होते हैं तो कुछ ज्यादा ही बुरे हो जाते हैं। उनमें कुछ पर्सनेलिटी डिस्ऑर्डर है।
आपने पहले इमाम के साथ काम किया हुआ है क्या?
नहीं मैंने इनके साथ कभी काम नहीं किया।
किसके जीतने के चांस सबसे ज्यादा हैं?
जीतने में तो कोई भी जीत सकता है, उर्वशी काफी अच्छा खेल रही है। सभी अपने हिसाब से काफी अच्छा खेल रहे हैं। डेल्नाज काफी अच्छा खेल रही है। लेकिन मुझे लगता है कि अगर कोई जीतेगा तो वो है सना या डेल्नाज।
आपको ऐसा क्यों लगता है?
सना डे वन से यहां है, और जितना मैंने शो देखा है सना ने कभी कुछ गलत नहीं किया। उसका बिहेवियर, जिस तरह से वो अब तक घर में रही है, सबकुछ बहुत अच्छे से किया है उसने। ऐसे में उसका जीतना बनता है।
पहले शो को देखा था कभी, कभी उम्मीद की थी आप भी इसका हिस्सा बनेंगे?
मैंने बिग बॉस के पहले के सीजन देखे हुए हैं और इस बार का तो काफी देखा था। नहीं मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि मैं इसका हिस्सा बनूंगा। जब मेरे पास ऑफर आया तो उन दिनों मैं पंजाब में धूम फिर रहा था, एक शो चल रहा था वहां। मैं मुंबई 6 नवंबर को ही आया था तभी मुझे ऑफर हुआ था और 9 को मैं बिग बॉस के घर में था। मुझे आइडिया भी नहीं था कि मैं यहां आउंगा। जब सना आ रही थी तो मैंने उसको मजाक में कहा भी था कि मैं भी आउंगा शायद।
तो क्या आपने सना की वजह से शो में आना एक्सेप्ट किया?
नहीं, मैं तो एक नया एक्सपीरिएंस लेना चाहता था। सना से तो मैं शो के बाद भी मिलता।
आपको क्या लगता है क्या ये शो नेगेटिव इमेज भी बनाता है?
ये तो आप बताइए, कि मेरी क्या इमेज बनी है। दरअसल, शो आपकी इमेज नहीं बनाता आप अपनी इमेज खुद बनाते हो। इमाम की जो इमेज बनी होगी वो उन्होंने खुद ही बनाई है। चैनल ने उनसे ये सब करने के लिए कहा नहीं है। इमाम जैसा है वो वैसा ही बिहेव करता है। दिनेश भाई अच्छे हैं तो है, जैसे हैं वैसे ही शो में रहे।
आपको शो में अपने अंदर कुछ बदलाव नजर आए?
मैं पिछले 17 सालों से बाहर बोर्डिंग स्कूल में ही पढ़ा हूं। मैं आत्मनिर्भर हूं। ऐसा कुछ नहीं था कि मैं यहां अपने अंदर बदलाव लाता। बल्कि मुझे लग रहा था कि यहां के माहौल में मैं कहीं खराब ना हो जाउं। यानी मैं बदतमीजी पर ना उतर आऊं। सब पॉजिटिव थे तो समय अच्छे से गुजरा।
कोई ऐसी सिचुएशन भी आई कि आपको बेहद गुस्सा आया और आपने कंट्रोल कर लिया?
ये तो होता रहता है। राजीव की बहुत सी चीजों को लेकर मुझे बहुत गुस्सा आता था। लेकिन मैं बहुत रिएक्ट नहीं करता था। इमाम पर बहुत आता था लेकिन आपको पेशेंस रखने की जरूरत होती है।
राजीव के बारे में आपकी क्या राय है, वो जो कुछ भी कह रहे हैं क्या वो सिर्फ शो में ही बोल रहे हैं?
बतौर मैन, मैं उनकी रिस्पेक्ट नहीं कर सकता। इस उम्र में उनका ये बिहेवियर उन पर सूट नहीं करता। उनमें मैच्योरिटी नहीं है। वो घर में जो भी कर रहे हैं मैं उससे सहमत नहीं हूं।
बिग बॉस के घर में सबसे ज्यादा कॉम्प्लीकेटेड करैक्टर कौन लगता है?
इमाम और सपना।
जाते-जाते ये बताइए बिग बॉस के बारे में आपकी क्या राय है?
आपको अपने आपको प्रूव करने का एक मौका मिलता है, जो शायद आपको लाइफ में दोबारा ना मिलें। मैं खुश हूं कि मुझे इस घर में रहने का मौका मिला। आपको अपने आपको जानने का मौका मिलता है इस घर में।