कहानी में ट्विस्ट न हो, तो देखने का मजा नहीं आता। फिर चाहे बात सीरियल की हो या फिल्म की। टीवी अभिनेत्री संजीदा शेख इन दिनों इसी ट्विस्ट की भूमिका निभा रही हैं, जीटीवी के नए शो ‘बदलते रिश्तों की दास्तान’ में।
‘बदलते रिश्तों की दास्तान’ जी बांग्ला पर एक समय में काफी पॉपुलर रहे शो ‘खेला’ का हिंदी रीमेक है। शो के सिलसिले में दिल्ली आई संजीदा शेख ने अमर उजाला से खास बातचीत की। आइए जानें अपने रोल के बारे में क्या कहती है संजीदा।
किसी टीवी सीरियल में मुख्य किरदार मिलना कितना मुश्किल होता है?
एक अच्छा शो और अच्छा किरदार मिलना बहुत मुश्किल होता है। यहां फिल्मों की दुनिया की तरह आपके पास बहुत सारी स्क्रिप्ट नहीं होती, जिनसे कि आप अपनी पसंद के मुताबिक किरदार चुन सकें।
मैं लकी हूं कि इस सबके बावजूद मुझे जीटीवी के इस नए शो से मुख्य किरदार के रूप में जुड़ने का मौका मिला।
दर्शक इस शो को क्यों देखें?
ज्यादातर टीवी सीरियल्स में औरत को औरत के खिलाफ लड़ते हुए दिखाया गया है। जैसे सास-बहू का ड्रामा, ननद और भाभी की लड़ाई, यहां तक कि दो सगी बहनों के बीच झगड़ा।
इस सीरियल में आपको दो औरतें एक दूसरे के साथ मिलकर एक पुरुष के खिलाफ संघर्ष करती दिखाई देंगी। इस लिहाज से यह शो महिला को महिला के साथ खड़े होने की ताकत भी देगा।
टीवी सीरियल का खास किरदार, जो बहुत पसंद है?
सोनी पर आने वाला शो ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ मुझे खासा पसंद है। इसमें साक्षी तंवर यानी प्रिया का किरदार मुझे बहुत प्रभावित करता है।
कोई और भी सपना है, जिसे पूरा करना चाहती हैं।
हां, मेरा हमेशा से ड्रीम रहा है कि मैं असिस्टेंट डायरेक्टर बनूं। कोशिश रहेगी कि इस सपने को जरूर पूरा करूं।
सबसे अच्छी बात क्या लगी दिल्ली की।
दिल्ली का खाना लाजवाब है। खासतौर पर यहां का मुगलई खाना मुझे बहुत पसंद आया।