इलाहाबाद से एक सनसनीखेज खबर है। मांडा थाना क्षेत्र के कुखुड़ी गांव में शुक्रवार की रात शिक्षक विजय मणि यादव की पुत्री कुसुम (22) की गले पर चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। युवती अपने पति सुनील से मोबाइल फोन पर बात करते हुए चरी के खेत तक चली गई थी।
रात में अंधेरा था और घर वालों ने सिर्फ चीख ही सुनी। घर वाले भागकर खेत में पहुंचे जहां खून से लथपथ कुसुम तड़प रही थी। मौके से उसका मोबाइल फोन और सोने की चेन गायब थी। परिजन उसे पास के ही अस्पताल लेकर भागे लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था।
खबर पाकर मांडा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और खेत से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। संदेह उसके पति सुनील पर जताया जा रहा है। चर्चा यह भी रही कि उसका पति सुनील से बृहस्पतिवार को विवाद हो गया था।
पति ने एक अस्पताल में मुलाकात के बाद मोबाइल तोड़ दिया था। इसके बाद कुसुम की मां ने उसे फिर से नया मोबाइल दिलवा दिया था। कुसुम की शादी इसी वर्ष नौ जून को विंध्याचल के गोड़सर गांव के सुनील यादव से हुई थी।