एक युवती की पिटाई के बाद उसके भाई-भाभी ने मिट्टी का तेल छिड़ककर जिंदा जला दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसी युवती को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृत्यु से पूर्व युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी भाई-भाभी को हिरासत में ले लिया है।
घटना फैजाबाद के तारुन थाना क्षेत्र के गांव बनकठा तालडीह की है। इस वारदात को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है। युवती को जलाने का कारण नहीं पता चल सका है।
तारुन थाना क्षेत्र के बनकठा तालडीह गांव की रहने वाली ज्ञानमती (19) पुत्री अम्मा लाल वर्मा शनिवार को गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना पर पहुंचे दारोगा मनोज सिंह को गंभीर रूप से झुलसी युवती ने बताया कि उसका भाई मोहन वर्मा तथा भाभी नीलम वर्मा उसको अक्सर प्रताड़ित किया करते हैं।
शनिवार की दोपहर दोनों ने उसकी पिटाई की और इसके बाद मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। इसके बाद पुलिस ने झुलसी युवती को जिला अस्पताल भिजवाया जहां उसकी मौत हो गई। युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी भाई मोहन वर्मा तथा उसकी पत्नी नीलम को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।