मेरठ के करीमनगर में बेटी की आबरू बचाने दौड़ी मां की हत्या चाकू मार कर कर दी। घर में घुसे युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। बीचबचाव में आई बेटी को भी चाकू मारे।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नामजद किया गया उसका पिता फरार है। हमलावर के पिता को पुलिस गिरफ्तार करती हि इससे पहले ही वह फरार हो गया।
जान गवांकर बचाई बेटी की इज्जत
नौचंदी क्षेत्र अंतर्गत करीमनगर गली नंबर पांच में बुंदू का परिवार रहता है। शनिवार सुबह चार बजे पड़ोसी शाहवेज पुत्र सलाउद्दीन घर में घुस आया। बुंदू की बेटी अपनी मां नूरजहां (45) के साथ कमरे में सोई हुई थी।
आरोप है कि शाहवेज किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। नूरजहां जाग गई और विरोध करने लगी। शोर मचने पर पकड़े जाने के डर से शाहवेज ने नूरजहां पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव में आई किशोरी को भी पांच-छह चाकू लगे।
चीख-पुकार सुनकर बैठक में सोए बुंदू की आंख खुल गई। उसने शोर मचाया तो ऊपरी मंजिल पर सोया उसका बेटा सलमान भी आ गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घेराबंदी कर शाहवेज को दबोच लिया। उसे पीटना शुरू किया तो उसका पिता सलाउद्दीन भी पहुंच गया।
अस्पताल ले जाते वक्त मां ने तोड़ा दम
पुलिस को सूचना दे दी गई। लोगों ने लहूलुहान मां-बेटी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां नूरजहां की मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सलाउद्दीन फरार हो गया।
शाहवेज को गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात का पता लगने पर एसएसपी और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बुंदू की तहरीर पर शाहवेज और उसके पिता सलाउद्दीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
एसओ नौचंदी विनोद कुमार सिंह का कहना है कि सलाउद्दीन की तलाश जारी है।