हाईप्रोफाइल शीना बोरा मर्डर केस में नित नए खुलासे हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि शीना बोरा की जब हत्या की गई थी तब वह गर्भवती थी। इस खुलासे से इस मर्डर केस में नया मोड़ आ गया है। रिश्तों की पेंच में फंसी इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए मुंबई पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया ने बृहस्पतिवार को पांच घंटे तक इंद्राणी, ड्राइवर और शीना के प्रेमी राहुल से पूछताछ की।
इससे पहले राहुल मुखर्जी से बीती रात भी देर तक पूछताछ की गई थी। लेकिन पीटर मुखर्जी को अभी तक समन नहीं भेजा गया है। इधर, शीना की हत्या के बारे में बड़े दावे करने वाले मिखाइल से भी मुंबई पुलिस ने पूछताछ की। हालांकि बुधवार को मीडिया के सामने खुल कर बोलने वाले मिखाइल ने बृहस्पतिवार को इस मामले में और ज्यादा कुछ कहने से परहेज ही किया।
इंद्राणी और उसके ड्राइवर के अलावा राहुल मुखर्जी से पूछताछ में पता चला है कि शीना गर्भवती थी लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। राहुल मुखर्जी स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी की पूर्व पत्नी शबनम का बेटा है जो पीटर की मौजूदा पत्नी इंद्राणी की बेटी शीना से बेहद प्यार करता था।
ऑनर किलिंग की आशंका
दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में एक साल से बांद्रा में साथ-साथ रह रहे थे।
पुलिस को शक है कि शीना हत्याकांड में राहुल की भी भूमिका हो सकती है।
राकेश मारिया ने राहुल से पूछा कि शीना के तीन साल तक गायब रहने के बावजूद
पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत क्यों नहीं की।
इसी तरह तीनों को
आमने-सामने बैठाकर राकेश मारिया ने राहुल से शीना बोरा के बारे में करीब 15
सवाल पूछे। राहुल ने पूछताछ में कहा कि उसे इंद्राणी ने शीना के अमेरिका
चले जाने के बारे में बताया था। उसने इंद्राणी से शीना का फोन नंबर और ईमेल
भी मांगा था लेकिन नहीं दिया।
राहुल ने पुलिस को बताया कि शीना और
इंद्राणी के बीच अनबन चल रही थी। वह जानता था कि इंद्राणी की बहन नहीं बेटी
है शीना बोरा। इस बीच पुलिस को ड्राइवर श्याम राय से एक 7.66 एमएम की
पिस्तौल मिली है। वहीं, पुलिस ने इंद्राणी का लैपटॉप भी जब्त कर लिया गया
है।
मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया खुद लैपटॉप का डाटा खंगाल रहे हैं।
इसके सहारे हत्या का राज जानने की कोशिश करेंगे। पुलिस यह भी जानने का
प्रयास कर रही है कि कहीं यह ऑनर किलिंग का मामला तो नहीं है।
मिखाइल और पीटर भी थे इंद्राणी के निशाने पर
मुंबई पुलिस को शक है कि शीना बोरा की हत्या के बाद इंद्राणी ने पूर्व पति संजीव खन्ना के साथ मिलकर अपने बेटे मिखाइल और पति पीटर मुखर्जी को भी मारने का प्लान बनाया था, जिससे पूरी प्रॉपर्टी उसकी हो जाए। लेकिन इसकी पुष्टि तब होगी जब इंद्राणी और संजीव खन्ना को आमने-सामने बैठाकर पुलिस पूछताछ करेगी।
कोलकाता से गिरफ्तार इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना को मुंबई पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर शुक्रवार को मुंबई ले आएगी। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस को यकीन है कि इंद्राणी और संजीव खन्ना से आमने-सामने पूछताछ के बाद शीना के हत्या की गुत्थी सुलझ जाएगी।
इसके अलावा पुलिस इंद्राणी के बेटे मिखाइल से भी पूछताछ करेगी। हालांकि बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस ने गुवाहाटी पहुंच कर मिखाइल से एक दौर की पूछताछ को अंजाम दिया।
मिखाइल ने साध ली चुप्पी
बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस की एक टीम इंद्राणी मुखर्जी के मायके पहुंच कर शीना के भाई मिखाइल से बातचीत की। हालांकि पुलिस वालों के जाने के बाद मीडिया को उम्मीद थी वह कुछ नया राज बताएगा। लेकिन उसने चुप्पी साध ली। पुलिस वालों ने मीडिया से कहा कि यह संवेदनशील मामला है और जांच जारी है
मिखाइल पुलिस वालों के जाने के आधे घंटे बाद निकला और नो कमेंट, कमेंट कहता हुआ अपने दोस्तों के साथ कार में सवार होकर वहां से चला गया।
असम के गुवाहाटी की परी बोरा (पोरी बोरा) माया नगरी मुंबई में जिस तरह हाइप्रोफाइल इंद्राणी मुखर्जी बन गई, वह बॉलीवुड की किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
पुलिस की मानें तो परी से इंद्राणी मुखर्जी की नींव झूठ और फरेब की बुनियाद पर बनी है, जिसका ढांचा अब दरक चुका है। बेटी शीना की हत्या के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद हाइप्रोफाइल इंद्राणी मुखर्जी की असलियत दुनिया के सामने आ चुकी है।
कौन था शीना का नजदीकी शख्स?
मुंबई शीना हत्याकांड की उलझी गुत्थी में कुछ और भी पहलू जुड़ते जा रहे हैं। एक नई थ्योरी के मुताबिक इस बात की आशंका जताई जा रही है मौत से पहले शीना गर्भवती थी और इसके लिए उसका कोई नजदीकी व्यक्ति जिम्मेदार था।
मुखर्जी दंपति के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया बिजनेस के खत्म होने से पहले इस नजदीकी शख्स ने इंद्राणी को बताया था कि वह कुछ संभावित बिजनेस सहयोगियों से मिलने थाईलैंड जाएगा।
वास्तव में यह शख्स शीना को लेकर थाईलैंड गया था और वहां उसने उसके साथ कुछ अंतरंग पल बिताए थे। अब यह कयास लगाया जा रहा कि वह नजदीकी शख्स कौन था?