जम्मू-कश्मीर के बारामूला में अबू अब्दुल्ला नाम के एक और आतंकी का गुरुवार को जिंदा पकड़ा जाना पाकिस्तान के लिए बहुत बुरी खबर है। भारत जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के गंदे पाकिस्तानी खेल के मिले जिंदा सबूतों का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करेगा। यह गिरफ्तारी तब हुई है जब पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में दोनों देशों के एनएसए स्तर की बातचीत के रद्द होने के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया है।
भारतीय एजेंसियां और विदेश मंत्रालय यूएन में पाकिस्तान की शिकायत को हास्यास्पद कदम मान रहा है। यून में पाकिस्तान की प्रतिनिधि मलीहा लोदी ने भारत के खिलाफ शिकायत कर कश्मीर को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भुनाने की कोशिश की है।
उच्चपदस्थ सरकारी सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान भले भारत की ओर से दिए गए सबूतों से इनकार करता आ रहा हो मगर अकाट्स सबूतों के साथ जिंदा आतंकी के पकड़े जाने को पाकिस्तान आसानी से खारिज नहीं कर सकता।