मां के कहने पर दूध लेने निकली मासूम बच्ची को एक ऑटो ड्राइवर ने अगवा कर लिया और जंगल ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया। बाद में बच्ची को वहीं पर मरने के लिए छोड़कर वह फरार हो गया।
मामला मुंबई का है। पांच साल की पीड़िता अपनी मां के साथ अंधेरी इलाके में रहती है। रविवार शाम वह घर से निकली तो काफी देर तक नहीं लौटी। उसे अकेली देखकर ऑटो ड्राइवर ने उसे दबोच लिया और आरे कॉलोनी के जंगल में ले जाकर दरिंदगी की।
कई घंटों बाद जब बच्ची को होश आया तो वह किसी तरह वहां से गिरते-पड़ते सड़क तक पहुंच गई, जहां एक पुलिस कांस्टेबल की नजर उस पर पड़ी। कांस्टेबल पेट्रोलिंग पर निकाल था।
पिकनिक प्वाइंट के पास तड़पती मिली बच्ची
मिडडे के अनुसार, पीड़ित लड़की का पिता भी एक ऑटो ड्राइवर है। बच्ची की हालत बेहद खराब है और वह कूपर हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। वहीं, पुलिस इस वारदात के आरोपी की पहचान में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7:30 बजे पीड़िता की मां ने उसे घर के पास एक दुकान भेजा था। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने सहर पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दी।
रात करीब 10:45 बजे, घाटकोपर में तैनात मुंबई क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल प्रकाश वंझारे ने देखा कि आरे कॉलोनी में पिकनिक प्वाइंट के पास एक बच्ची रो रही है और मां को बुला रही है। वह उसके पास गए तो बच्ची ने डरते हुए बताया कि रिक्शा ड्राइवर उसे जगंल में छोड़कर भाग गया। उसने यह भी बताया कि वह किधर भागा है।
आरोपी ने किया रेप, बनाए अप्राकृतिक यौन संबंध
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि काफी ज्यादा जख्मी होने के बाद भी बच्ची ने हिम्मत दिखाई और जंगल से बाहर आ गई। कांस्टेबल वंझारे ने उसे अपने साथ लिया और रास्ते में दो-तीन ऑटो रिक्शा रोककर आरोपी की पहचान की कोशिश भी की, लेकिन नाकाम रहे और बच्ची को लेकर आरे पुलिस स्टेशन पहुंच गए।
थाने में बच्ची बेहोश हो गई, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे कूपर हॉस्पिटल में भर्ती कराया और उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। उन्होंने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ आईपीसी की धारा 363 (अपहरण), 376 (रेप), 377 (अप्राकृतिक यौन अपराध) और पोक्सो के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मामले को सहर पुलिस थाने ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए मरोल टोल नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ले रही है। लेकिन उस दौरान कई ऑटो रिक्शा वहां से गुजरे और उन सब की नंबर प्लेट साफ नहीं दिख रही, इसके चलते आरोपी की पहचान थोड़ी मुश्किल हो गई है।
उधर, पुलिस को शक है कि पीड़िता का पिता भी ऑटो ड्राइवर है, ऐसे में आरोपी परिवार की पहचान का ही कोई शख्स हो सकता है। मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बच्ची से कई बार रेप किया गया है और उसके साथ अप्राकृतिक संबंध भी बनाया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।