पश्चिमी दिल्ली में भगवान गणेश की मूर्ति में तस्करी की शराब बरामद होने के बाद अब मदर डेयरी के ट्रक में शराब तस्करी करने का मामला सामने आया है।
न्यू अशोक नगर इलाके में चेकिंग के दौरान पुलिस ने शराब की 101 पेटी के साथ एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बल्लभगढ़ निवासी सुनील कुमार शर्मा (35) के रूप में हुई है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि चुनाव और दिवाली को देखते हुए राजधानी में शराब की तस्करी बढ़ने की सूचना मिली थी।
बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिली कि न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास दूध के ट्रक में एक शख्स शराब के साथ आने वाला है।
पुलिस ने पिकेट लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस बीच मदर डेयरी का ट्रक आ गया। पुलिस ने ट्रक के अंदर से 101 पेटी शराब की बोतलें बरामद की। शराब हरियाणा में बिक्री के लिए थी। इसे गुड़गांव से खरीदा गया था। आरोपी शराब को लेकर कहां जा रहा था, पुलिस आरोपी से पूछताछ करके इसका पता लगा रही है।
ट्रक मदर डेयरी का नहीं है। उस पर फर्जी तरीके से मदर डेयरी का लोगो लगाया गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।