एक स्टूडियो में फोटो खिंचवाने गई छात्रा के साथ फोटोग्राफर और एक सिपाही ने गैंगरेप किया। घटना से आक्रोशित भीड़ ने थाने का घेराव कर जबरदस्त हंगामा किया।
एसपी देहात और एसडीएम के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। एसएसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है।
सोमवार सुबह ग्यारह बजे ग्यारहवीं की एक छात्रा एक स्टूडियो में फोटो खिंचवाने पहुंची थी। छात्रा जब काफी देर तक नहीं निकली तो आसपास के दुकानदारों ने स्टूडियो का गेट बाहर से बंद कर दिया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्टूडियो खुलवाया तो अंदर छात्रा के अलावा कांस्टेबल भूपेंद्र, फोटोग्राफर रुस्तम सिंह मौजूद थे। पुलिस तीनों को थाने ले आई।
उधर, छात्रा के परिजन भी भीड़ के साथ थाने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस पर आरोपी सिपाही को भगाने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने रोड जाम कर दिया।
पीड़िता के पिता का कहना था कि फोटो खिंचवाने गई उनकी बेटी का अपहरण कर सिपाही और फोटोग्राफर ने बलात्कार किया है।