ढली के सधोड़ा गांव में निर्वस्त्र करने के बाद विवाहिता को गाड़ी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। विवाहिता की पहचान चित्रा (19) निवासी गांव पलोग (ननोहग) ग्राम पंचायत नीन के तौर पर हुई है।
पुलिस ने युवती की मौसी निर्मला सहित छह लोगों को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया है। इनमें दो महिलाएं और एक टैक्सी चालक भी शामिल है। चित्रा का पति सुभाष नेपाली मूल का है।
रात साढ़े ग्यारह बजे एक ट्रक ड्राइवर ने थाना ढली में सूचना दी कि एक लड़की निर्वस्त्र हालत में सधोड़ा के पास सड़क पर मदद के लिए चिल्लाते हुए देखी गई है। सुनसान और जंगल का रास्ता होने के कारण वह डर गया था और ट्रक को वहां नहीं रोक पाया।
एयरफोर्स आफिस में केयर टेकर थी महिला
पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सड़क के किनारे निर्वस्त्र हालत में चित्रा का शव पड़ा हुआ था। पता चला कि युवती वीरवार शाम अपनी मौसी निर्मला के यहां सधोड़ा गई थी।
यहां निर्मला रिटायर्ड एयरफोर्स आफिसर के कॉटेज में बतौर केयर टेकर काम करती है। हालांकि, निर्मला ने पुलिस को बयान दिया है कि चित्रा को रात के समय दौरे पड़े और उसने खुद अपने कपड़े उतारे हैं। पुलिस के गले से अभी यह बात नहीं उतर रही है।
निर्मला ने पुलिस को बताया कि चित्रा डेढ़ माह की बेटी के साथ कॉटेज में आई थी। रात करीब ग्यारह बजे उसे दौरे पड़ने लगे और उसने अपने कपड़े उतार दिए और नवजात को भी निर्वस्त्र कर दिया। कॉटेज से बाहर इसी अवस्था में अपनी बेटी को लेकर भाग गई।
पुलिस को दी मामले की सूचना
उन्होंने पीछा किया और मोबाइल पर इसकी जानकारी चित्रा की मां को दी। उन्होंने चित्रा के हाथों से नवजात को तो छीन लिया लेकिन वह उनके काबू से बाहर थी। उसने मशोबरा से टैक्सी चालक को कॉल कर बुलाया।
टैक्सी में वह तीन महिलाएं और कॉटेज में काम करने वाले दो नौकर बैठे थे। चित्रा के कपड़े और बच्ची को लेकर वह ननोहग गांव गए जहां उसकी मां को चित्रा की बेटी और कपड़े देकर लौट आए। उन्हें सुबह ही चित्रा की मौत के बारे में पुलिस से सूचना मिली।
छह आरोपियों से पूछताछ
निर्मला के इस बयान को जब पुलिस ने जांचा तो उसके साथ टैक्सी में गए अन्य लोगों के बयान अलग-अलग आने लगे। इसी आधार पर पुलिस ने छह आरोपियों को धर लिया और इनसे पूछताछ चल रही है।
चित्रा के शव का आईजीएमसी अस्पताल में पोस्टमार्टम कर दिया गया है। रिपोर्ट में साफ हो गया है कि चित्रा पर दो बार गाड़ी चढ़ाई गई है। आगामी जांच के लिए बिसरा रिपोर्ट फोरेंसिक लैब भेज दी गई है।