नौकरी दिलाने के बहाने तीन युवकों ने एक युवती के साथ गैंगरेप किया और जिला अस्पताल में फेंककर फरार हो गए। दूसरे समुदाय के युवकों द्वारा गैंगरेप की जानकारी होने पर भाजपाइयों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थाना देहली गेट में तीन युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दिल्ली भजनपुरा खजूरी थाना क्षेत्र निवासी युवती की शादी करीब पांच साल पहले खजूरी क्षेत्र के ही युवक से हुई थी। पति की शराब पीने की आदत से परेशान युवती एक साल बाद ही उससे अलग रहने लगी थी। पुलिस के अनुसार, वह 10 दिन पहले अपने चचेरे भाई के पास मेरठ खरखौदा कांशीराम आवासीय क्षेत्र में रहने आई थी। साथ ही नौकरी की तलाश भी कर रही थी।
कुछ दिन पहले उसके फोन पर एक नंबर से मिस्ड कॉल आई। उसने कॉल बैक की, जिसके बाद उसकी बात सलमान उर्फ जावेद नाम के युवक से होने लगी। पुलिस के अनुसार सलमान ने युवती को एक अखबार में नौकरी दिलाने के बहाने मंगलवार को घंटाघर पर बुलाया। युवती बगैर अपने चचेरे भाई को बताए घर से निकली और घंटाघर पहुंच गई।
लस्सी पिलाकर बैठा लिया बाइक पर
पुलिस के अनुसार घंटाघर पर सलमान ने युवती को एक दुकान पर लस्सी पिलाई और फिर अखबार के दफ्तर ले जाने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। पुलिस के अनुसार कुछ दूरी के बाद युवती अपनी सुधबुध खोने लगी। इसके बाद क्या हुआ, उसे कुछ याद नहीं रहा। उसकी आंख जिला अस्पताल में खुली। उसके शरीर पर खरोंच और जबरदस्ती के निशान थे।
पुलिस के अनुसार, युवती को 236 न्यू मोहनपुरी निवासी राजेंद्र पुत्र जोगेंद्र ने मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रिकॉर्ड में दर्ज कराया कि उसे युवती जिला चिकित्सालय में बेहोश हालत में मिली। उक्त व्यक्ति ने युवती और उसके पति का नाम दर्ज कराया। जिससे सवाल उठा कि राजेंद्र को युवती के बारे में जानकारी कैसे थी।
भाजपाइयों ने अस्पताल में काटा हंगामा
गैंगरेप की सूचना पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, अजय गुप्ता के साथ दर्जनों भाजपाई जिला अस्पताल पहुंचे और हंगामा काटा। एसएसपी डीसी दूबे ने युवती के चचेरे भाई से घटना की जानकारी ली। एसएसपी के निर्देश पर युवती की मेडिकल जांच कराई गई। सीओ महिला थाना अब्दुल कादिर और एसओ महिला थाना नर्गिस खान ने 161 के बयान दर्ज किए।
सीओ कोतवाली विनीत भटनागर ने बताया कि युवती के बयान पर देहली गेट थाने में सलमान उर्फ जावेद, आबिद और भूरा के खिलाफ गैंगरेप, नशीला पदार्थ देने और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आबिद और भूरा का नाम इसलिए सामने आया, क्योंकि बाइक पर जब वह अर्द्धबेहोशी की हालत में थी, तो सलमान बार-बार उनका नाम ले रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।