फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूल्हे ने दी धमकी, डोली से पहले उठी दुल्हन की अर्थी

Fri, 07 Feb 2014 08:07 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी के बांदा में दहेज लोभियों ने डोली से पहले अर्थी उठवा दी। पिता पर आर्थिक बोझ न बनकर अर्थी के रूप में कांधे का बोझ बन गई। मंडप में फेरे लेने के सिर्फ 72 घंटे पूर्व भावी पति की फरमाइश से परेशान युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी उम्र सिर्फ 22 वर्ष थी।
विज्ञापन


दहेज लोभियों के बेशर्म रवैये की यह बानगी गिरवां थाना क्षेत्र के बंडे गांव में सामने आई। शिवपूजन सिंह ने अपनी इकलौती बेटी कल्पना उर्फ पिंकी की शादी घाटमपुर के गांव शीतलपुर में तय की थी। तिलक आदि की रस्म पहले ही पूरी हो चुकी थीं।

8 फरवरी को बारात आनी थी। घर में कल्पना को दुल्हन बनाने की तैयारियां जोरशोर से चल रही थीं लेकिन इसी बीच एक ऐसा हादसा हो गया कि जिसकी कल्पना भी नहीं की गई थी।
विज्ञापन

दूल्हे ने मांगे पांच लाख रुपए

दुल्हन का जोड़ा पहनने से सिर्फ 72 घंटे पहले कल्पना ने अटारी में जाकर फांसी लगाकर जान दे दी। मंडप के दिन उसका पोस्टमार्टम हुआ।

पिता शिवपूजन ने बताया कि बुधवार को कल्पना की ससुराल से उसके मोबाइल पर फोन आया। दूल्हा (वर) देर तक उससे कुछ बात करता रहा। बातचीत के दौरान ही कल्पना रोने लगी।

कुछ देर बाद अपनी मां दयारानी और उसे (पिता को) बताया कि ससुराल वाले पांच लाख रुपए की मांग कर रहे हैं, वरना बारात लौटा ले जाने की धमकी दी है।

फंदे से लटकती मिली कल्पना की लाश

पिता शिवपूजन ने उसे समझाया कि वह सुबह ससुराल वालों से बात करेगा। यह कहकर ट्यूबवेल सोने चला आया। उसकी हैसियत नहीं थी कि यह फरमाइश पूरी कर सके।

इसी से क्षुब्ध होकर कल्पना ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह घर वालों की आंख खुली तो लाश फंदे पर लटकती मिली। शादी के घर में मातम छा गया।

पिता ने कहा है कि वह गिरवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएगा।

तिलक में की थी बाइक की फरमाइश पूरी

एक दिन पूर्व यानी 4 फरवरी (मंगलवार) को कल्पना के घर वालों ने शीतलपुर जाकर तिलक की रस्म पूरी की थी। पिता शिवपूजन ने बताया कि दूल्हे ने तब बाइक की मांग की थी। यह मांग उसकी तिलक में ही पूरी कर दी गई।

71 हजार रुपये, सोने की अंगूठी और कपड़े इत्यादि भी दिए थे। शादी तय होने के बाद कल्पना को मोबाइल फोन दूल्हे ने ही खरीद कर दिया था लेकिन प्यार जताने के बाद ब्लैकमेल किया।
विज्ञापन

शादी के लिए बेच दी थी दो बीघे जमीन

इकलौती बेटी के हाथ पीले करने और उसे दुल्हन के रूप में देखने की हसरत पूरी करने के लिए गरीब शिवपूजन ने अपनी दो बीघे जमीन तीन लाख रुपये में बेच दी थी। उसके पास सिर्फ 6 बीघा जमीन थी। कल्पना इंटर तक पढ़ी थी। उसके भाई विमल ने भी इस बात की तस्दीक की कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए कल्पना को डराया-धमकाया था।

तहरीर मिलेगी तो होगा मुकदमा
थानाध्यक्ष शिवसागर पांडेय का कहना है कि फिलहाल उन्हें भाई की ओर से आत्महत्या की बात बताई गई है। अगर ससुराल वालों पर दहेज मांगने के आरोप संबंधी तहरीर दी जाएगी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें