वर्चस्व की जंग में बरेली का बभिया गांव एक बार फिर खून से लाल हो गया। यहां के हिस्ट्रीशीटर जगपाल यादव के भतीजे सर्वेश को मंगलवार की रात गोलियों से भून दिया गया।
माना जा रहा है कि खनन और कच्ची शराब के धंधे को लेकर छिड़ी जंग में यह मर्डर किया गया है। घरवालों ने हिस्ट्रीशीटर पाताराम और प्रधानपति धर्मपाल समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
उनका आरोप है कि पाताराम चौबारी मेला दिखाने के बहाने साथ ले गया और वहीं हत्या कर दी। इस हत्याकांड के बाद गैंगवार के आसार बने हुए हैं। घटना को प्रधानी के चुनाव की रंजिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
खून से लथपथ मिला शव
कैंट क्षेत्र के गांव बभिया निवासी हिस्ट्रीशीटर जगपाल यादव का अविवाहित भतीजा 25 वर्षीय सर्वेश यादव सत्तू फैक्ट्री में मजदूरी करता था। वह शाम साढ़े सात बजे घर से खाना खाकर फैक्ट्री में काम करने निकला। सर्वेश रात में न ही फैक्ट्री पहुंचा और न लौटकर घर आया।
बुधवार सुबह तड़के चौबारी गंगा स्नान को जा रहे गांव के ही युवक भूरा ने सर्वेश का शव गांव के बाहर खेत में खून से लथपथ पड़ा देखा तो शोर मचाया। सर्वेश की दादी कटोरी देवी, भाई सुखवीर आदि मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। कटोरी देवी ने बताया कि पिछले महीने मार दिए गए बबलू के साथी हिस्ट्रीशीटर पाताराम सर्वेश को चौबारी मेला दिखाने ले जाने के बहाने घर से ले गया था।
आरोप लगाया कि बबलू की हत्या का बदला चुकाने के लिए सर्वेश की हत्या की गई है। यहां बता दें कि पिछले महीने 14 अक्तूबर को खनन के विवाद में सर्वेश के चाचा हिस्ट्रीशीटर जगपाल यादव ने बबलू पर फायरिंग की थी। उपचार के दौरान बबलू की मौत हो गई थी। इस मामले में जगपाल और उसके साथी जेल में हैं।
चुनावी रंजिश में हत्या की आशंका
सीओ चतुर्थ संतोष कुमार ने बताया कि सर्वेश के भाई सुखवीर की तहरीर सर्वेश पुत्र छोटे लाल, हिस्ट्रीशीटर पाताराम पुत्र राम बहादुर, टिंकू पुत्र धर्मपाल, प्रधानपति धर्मपाल पुत्र बृजलाल, जुगेंद्र पुत्र शंकर, संजीव पुत्र रामऔतार के खिलाफ सर्वेश की अपहरण कर हत्या के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सीओ का कहना है कि चूंकि प्रधानी के चुनाव का वक्त और प्रधानपति को नामजद किया गया है, इसलिए इसे चुनावी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। प्रधानपति को फंसाने के लिए कहीं सर्वेश की हत्या चुनावी रंजिश में तो नहीं की गई। सीओ ने कहा कि पूरी छानबीन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।