ललितपुर के बानपुर क्षेत्र में शनिवार रात एक आशा बहू के साथ बलात्कार की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात घटनास्थल के मुआयने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों पर मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की बहन ने कुछ समय पहले बेटी के साथ बलात्कार और उसकी अश्लील सीडी तैयार करने को लेकर बसपा विधायक के पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, इस वजह से यह मामला चर्चा में आ है।
पुलिस को दी शिकायत में महरौनी क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक आशा बहू का आरोप है कि घटना से पहले शनिवार की रात वह टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) में इलाज करवाकर आजाद पार्क के निकट खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थी।
इस दौरान सफेद रंग की कार उसके सामने आकर रुक गई। कार का शीशा खुलने पर उसने देखा कि उसमें कुंडेश्वर निवासी एक व्यक्ति आगे बैठा हुआ था, जिसे वह पहले से जानती थी। उस व्यक्ति ने उसे महरौनी छोड़ने का आश्वासन देकर कार में बिठा लिया। कार में दो अन्य लोग भी सवार थे।
बीच रास्ते रोकी गाड़ी फिर किया रेप
कार जब महरौनी के बजाय बानपुर रोड की ओर बढ़ी तो उसने कारण पूछा। उसे बताया गया कि बानपुर में काम निपटाकर उसे महरौनी छोड़ देंगे।
रात लगभग 11.35 बजे बानपुर से महरौनी रोड पर स्थित ग्राम वीर के निकट कार रोक दी गई और कुंडेश्वर निवासी व्यक्ति उसे उतारकर खेतों में ले गया, जहां दोनों साथियों ने उसके हाथ पकड़ लिए और कुंडेश्वर निवासी व्यक्ति ने उसके साथ जबरन बलात्कार किया।
इसके बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। देर रात घटित इस वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
क्षेत्राधिकारी सदर सूरत सिंह चौहान ने बानपुर पुलिस के साथ मौका मुआयना किया तथा पीड़िता की तहरीर पर मामला पंजीकृत कर जांच शुरू की। रविवार की सुबह पीड़िता के बयानों की वीडियोग्राफी कराई गई, जिसमें उसने बलात्कार के आरोप दोहराए हैं। पीड़िता के चिकित्सीय परीक्षण के साथ ही डीएनए जांच को नमूने भेजे जा रहे हैं।
गरमाया छात्रा की अश्लील सीडी का मामला
आशा बहू के साथ बलात्कार की घटना के साथ ही छात्रा की अश्लील सीडी का प्रकरण भी गरमा गया है। आरोपी की बहन का आरोप है कि सीडी प्रकरण में राजीनामा न करने पर बसपा विधायक के इशारे पर यह हाई प्रोफाइल ड्रामा खेला गया है। उसने एसपी से मामले की निष्पक्ष की जांच की मांग की है।
मुख्य आरोपी की बहन ने आरोप लगाया है कि महरौनी के बसपा विधायक एक महीने से कुंडेश्वर जाकर उसके भाई पर सीडी प्रकरण मामले में राजीनामा कराने को दबाव बना रहे थे।
उसके भाई ने राजीनामा कराने से इंकार कर दिया तो बसपा विधायक ने पुलिस और नजदीकी महिला से साठगांठ करके यह ड्रामा रच दिया, जबकि बानपुर थाने में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने देर रात कुंडेश्वर में छापा मारा तो उसका भाई अपने कमरे में सो रहा था। उसकी कार भी चालू हालत में नहीं पाई गई।
इंटरनेट पर डाला अश्लील वीडियो
मुख्य आरोपी की बहन ने रविवार को पुलिस अधीक्षक किरण एस को प्रार्थना पत्र देकर घटना की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा उसके भाई को झूठा फंसाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।
गौरतलब है कि बीते 19 नवंबर को स्थानीय महिला ने बसपा विधायक के पुत्र एवं अन्य लोगों पर पुत्री की अश्लील सीडी बनाने, बलात्कार करने, इंटरनेट पर सीडी डालकर बदनाम करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था, तभी से बसपा विधायक के पुत्र भूमिगत चल रहे हैं।
पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ धारा 82 के तहत नोटिस चस्पा कर दिए हैं और एक माह में आत्मसमर्पण न करने पर कुर्की का अल्टीमेटम दिया गया है। नोटिस के अनुसार कुर्की की तिथि भी नजदीक आ रही है। विधायक की ओर से शासन को मामले की जांच सीबीसीआईडी स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया था, जिसमें पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई है।