यूपी के आगरा में खंदौली कस्बा के मुख्य बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शुक्रवार दोपहर पौने तीन बजे फिल्मी स्टाइल में डाका डाला गया। दो काली पल्सर बाइक पर आए छह बदमाश महज 10 मिनट में 25.66 लाख रुपये लूट ले गए। लंच के तुरंत बाद घुसे 20-22 साल के इन डकैतों ने पहले बैंक स्टाफ पर तमंचे ताने।
फिर वारदात से अनजान बाहर खड़े लोगों को अंदर बुलाकर उन्हें भी बंधक बना लिया। इसके बाद कैशियर से कैशियर रूम खुलवाकर रकम पिट्ठू बैग में भरी। जाते समय सीसीटीवी की मैनेजर के ऑफिस में लगी डीवीआर भी अपने साथ ले गए। सादाबाद की तरफ भागे बदमाशों के बहुत दूर चले जाने के बाद गार्ड श्याम सिंह ने अपनी बंदूक से हवा में फायर किया, तब आसपास के लोगों और पुलिस को घटना का पता चला।
चश्मदीदों ने बताया कि लंच के तुरंत बाद जैसे ही बैंक का गेट खुला, पांच बदमाश अंदर चले गए। उनके पास पिट्ठू बैग थे। एक बदमाश बाहर गेट पर खड़ा रहा। बैंक में ही एटीएम भी है। बाहर खड़े बदमाश ने एटीएम गार्ड रघुनाथ से कहा कि उसे मैनेजर ने बुलाया है। जैसे ही वह अंदर पहुंचा, उस पर तमंचा तान दिया।
इससे पहले ही बदमाशों ने मैनेजर रीना शर्मा, असिस्टेंट मैनेजर अंशू, कैशियर भारत राय यादव, क्लर्क गोल्डन कुमार समेत पूरे स्टाफ को तमंचों से कवर कर रखा था। बैंक के दूसरे गार्ड रघुनाथ से बंदूक छीनकर और उसके सिर पर तमंचे की बट मारकर उसे घायल कर दिया था। बाहर खड़े लोगों से एक बदमाश ने कहा कि लंच टाइम खत्म हो गया है, अंदर आ सकते हैं। एक -एक कर जैसे ही लोग अंदर जाते गए, बदमाश तमंचे तानकर उनके हाथ ऊपर खड़े करवाकर उन्हें एक साइड में खड़ा करते रहे।
इसी बीच एक बदमाश ने कैशियर से कैश रूम खुलवाया और अलमारी खुलवाकर उसमें रखे 25 लाख रुपये बैग में रखे। फिर कैशियर रूम से 65 हजार 920 रुपये लिए। यहां 27 लाख और रखे थे। ये लुटने से बच गए। 10 मिनट में पूरी वारदात अंजाम देने के बाद जाते समय एक बदमाश नेमैनेजर आफिस से सीसीटीवी की डीवीआर लेकर अपने बैग में रख ली। इसके बाद बदमाश बाइकों से चले गए।
बाद में डीआईजी लक्ष्मी सिंह, एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह भी पहुंचे। बदमाशों की तलाश कराई गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। उधर, बैंक के सूत्रों ने बताया कि एक कैमरे में रिकार्डिंग चिप लगी है। इसमें बदमाशों के चेहरे कैद मिल सकते हैं। उधर, बैंक में बंधक रहे लोगों ने बताया कि बदमाश बुलंदशहर क्षेत्र की बोली बोल रहे थे।