आजमगढ़ की नगर पंचायत फूलपुर में स्थित एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल के शिक्षक ने कक्षा छह के छात्र को बात करने पर इतनी जोर से थप्पड़ मारा कि छात्र के कान का पर्दा फट गया। छात्र का वाराणसी के बीएचयू में इलाज चल रहा।
मामला 21 अक्तूबर का है। घटना के संबंध में छात्र के पिता जब स्कूल में पूछताछ करने गए तो विद्यालय प्रशासन ने डांटकर भगा दिया। शुक्रवार को उन्होंने फूलपुर कोतवाली में तहरीर दी है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भोरमऊ गांव निवासी शिवपूजन यादव क्षेत्र के एक विद्यालय में अध्यापक हैं। उनका 12 वर्षीय बेटा योगेंद्र कुमार नगर पंचायत फूलपुर के एक प्राइवेट अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता है।
31 अक्तूबर को योगेंद्र स्कूल गया था। क्लास में पढ़ाई के दौरान अध्यापक ने एक प्रश्न पूछा जिसका योगेंद्र ने सही जवाब दिया। अध्यापक ने उसे शाबाशी दी। इसके बाद योगेंद्र बगल में बैठे दूसरे छात्र से बात करने लगा।
इससे नाराज शिक्षक ने योगेंद्र को एक थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ इतना जोरदार था कि योगेंद्र के कान से खून बहने लगा। योगेंद्र के घायल होने की जानकारी मिलने पर उसके पिता पूछताछ करने के लिए योगेंद्र के स्कूल में पहुंचे तो प्रबंधक और प्रिंसिपल ने डांटकर भगा दिया।
कान का परदा फटने की वजह से योगेंद्र का इलाज बीएचयू में कराया जा रहा है। शुक्रवार को शिवपूजन ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी। सीओ फूलपुर संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है, रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।