गुरुद्वारा श्री गुरू सिंह सभा जटाशंकर में शुक्रवार को गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर लगा। गोरखनाथ चिकित्सालय के ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंध समिति ने महादानियों को सम्मानित भी किया। 51 लोगों ने रक्तदान कर वाहे गुरु के प्रति श्रद्धा निवेदित की।
मुख्य अतिथि नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि मानव सेवा की सौगंध लेकर हर तीन माह पर रक्तदान शिविर लगाना और जरूरतमंद मरीज की सूचना पर हर परिस्थिति में रक्त उपलब्ध कराने की जो सेवा गुरुद्वारा जटाशंकर से संचालित है, उससे समाज के लिए कुछ अच्छा करते रहने की प्रेरणा मिलती है। पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडेय ने कहा कि सेवा सिख समुदाय की अनुपम पहचान है। इससे समाज के सभी वर्ग लाभान्वित होते हैं। डॉ. निखिल चौधरी, डॉ. सेराज और डॉ. विजय सिन्हा ने भी सेवा कार्य की प्रशंसा की।
इससे पूर्व अतिथियों को गुरु गोविंद सिंह के परम शिष्य भाई घनईया का चित्र एवं स्मृतिचिह्न भेंट किया गया। इसके बाद सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया गया। संचालन जगनैन सिंह नीटू ने किया। स्वागत बलबीर सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष जसपाल सिंह ने किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष जतिंदर सिंह कोहली, महामंत्री कुलदीप सिंह अरोरा, बाबा अमर सिंह, गगन सहगल, चरनप्रीत सिंह, इकबाल सिंह, कुलदीप सिंह नीलू, विशाल राहुजा, मीत साहनी, रजिंदर सिंह, विनोद सिंह, दौलत राम, शमशेर सिंह, जगदीप सिंह, रूपा कौर, दीपक सिंह, दयानंद, भोलू, शुभम आदि मौजूद रहे।
आज मनेगा गुरुनानक देव का प्रकाशोत्सव
10 दिन प्रभात फेरी और भव्य शोभायात्रा निकालने के बाद शनिवार को कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरुनानक देव महाराज का प्रकाश पर्व गुरुद्वारा जटाशंकर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। अध्यक्ष जसपाल सिंह एवं मीडिया प्रभारी जगनैन सिंह नीटू ने बताया कि प्रकाशोत्सव का शुभारंभ प्रात: सात बजे निशान साहब के वस्त्र बदलने और श्री गुरु ग्रंथ साहब के पाठ से होगा। इसके बाद उत्तराखंड के रुद्रपुर से पधारे प्रसिद्ध रागी जत्था भाई कुलवंत सिंह रसीला, दिल्ली के प्रचारक ज्ञानी अमरीक सिंह, गुरुद्वारा जटाशंकर के हजूरी रागी भाई प्रीतम सिंह प्रीत, मोहदीपुर गुरुद्वारा के रागी भाई सुरजीत सिंह निमाना और हेड ग्रंथी ज्ञानी गुरविंदर सिंह दोपहर दो बजे तक कथा कीर्तन और अरदास प्रस्तुत करेंगे। अंत में लंगर होगा। शाम छह से 10 बजे तक पुन: सत्संग, आरती, अरदास, बच्चों को पुरस्कार वितरण और लंगर के आयोजन के बीच गुरु का स्मरण किया जाएगा। इस अवसर पर तमाम जनप्रतिनिधियों समेत भारी संख्या में नानक नाम लेवा श्रद्धालु मौजूद रहेंगे।