कोरोना महामारी से लड़ने के लिए जहां शासन-प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक रखी है, वहीं कुछ लोग इसे कुछ भी मानने को तैयार नहीं हैं। हथिगंवा इलाके के एक गांव में क्वारंटीन किए गए बाहर से आए लोगों को भड़काने के मामले में पुलिस ने 17 नामजद समेत 67 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हथिगवां थाना क्षेत्र के रामापुर बछरौली के भुलसा गांव में बाहर से आने वाले काफी लोगों को विद्यालय में क्वारंटीन किया गया है। रविवार की सुबह गांव के कुछ लोगों ने विद्यालय में रहने वाले लोगों को यह कहकर भड़काना शुरू कर दिया कि कोरोना महामारी कुछ नहीं है।
इसको लेकर दो पक्षों में विवाद होने लगा। सूचना पर पुलिस पहुंची और सभी को शांत कराया। इस मामले में एसआई हंसराज दूबे की तहरीर पर दोनों पक्षों से 17 नामजद व 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन विरोध, धारा 144 का उल्लंघन व कोरोना महामारी को फैलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।