कानपुर के बिधनू में अन्ना मवेशियों के हमलों से जिम्मेदार विभाग लोगों की सुरक्षा नहीं कर पा रहा है। कभी कुत्ते राह चलते लोगों को काट रहे हैं, तो कभी अन्ना मवेशी पटक रहे हैं। गुरुवार को भी सीएचसी गेट के पास दुकान पर बैठकर अखबार पढ़ रहे एक बुजुर्ग को सांड़ ने उठाकर पटक दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी के बाद उन्हें उर्सला रेफर कर दिया गया। बिधनू निवासी अमर सिंह यादव के बेटे अजीत की सीएचसी गेट के पास चाय की दुकान है। गुरुवार को अमर सिंह दुकान के बाहर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे तभी सीएचसी के अंदर से आए एक सांड़ ने उन्हें पटक दिया। आसपास मौजूद लोगों ने लाठी-डंडे की मदद से सांड़ को खदेड़ा।
इसके बाद अमर सिंह को सीएचसी ले गए। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखकर उर्सला रेफर कर दिया। अमर सिंह की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेटे अजीत ने बताया कि पिछले छह माह में क्षेत्र में अन्ना मवेशियों और आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। आवारा कुत्ते अब तक 26 लोगों को शिकार बना चुके हैं। वहीं, करीब नौ लोग अन्ना मवेशियों के हमले से घायल हो चुके हैं।