उपमंडल पालमपुर के तहत गांव भरवाना में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। यह व्यक्ति 12 जनवरी से घर से लापता था। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई थी। व्यक्ति का शव वीरवार को आवा खड्ड में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने गांव के चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पालमपुर थाने की पुलिस चौकी पंचरुखी के तहत गांव भरवाना का संतोष कुमार (38) 12 जनवरी को वोट डालने गया था लेकिन वापस घर नहीं आया था। बताया जा रहा है कि संतोष कुमार वोट डालने के बाद चुनाव परिणाम सुनने के लिए पंचायत घर में ही रुक गया था।
देर रात तक चुनाव परिणाम निकलने के बाद भी वह अपने घर नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने उसे रात भर इलाके में तलाश किया। लेकिन, वह नहीं मिला। उसी के घर से थोड़ी दूर उसकी जैकेट, स्वेटर और उसके जूते सड़क किनारे पड़े मिले। फिर भी संतोष कुमार का कोई सुराग नहीं लगा।
यह देख परिजनों ने उसकी शिकायत पंचरुखी पुलिस में दर्ज करवा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की तो व्यक्ति का शव चथमी नागटा के पास आवा खड्ड में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया, जबकि मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से तथ्य जुटाए हैं।
पुलिस ने किया मामला दर्ज : डीएसपी
डीएसपी विकास धीमान ने कहा कि पुलिस ने दफा 364 के तहत चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम टांडा मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा। कहा कि मामले की छानबीन चली हुई है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक तथ्यों से चलेगा।