अभिनेत्री माही खंडूड़ी को बॉलीवुड में एक बाद एक बड़े मौके मिल रहे हैं। मनीषा कोइराला अभिनीत फिल्म मार्केट के डायरेक्टर जयप्रकाश की हालिया रिलीज फिल्म ‘दि सैटरडे नाइट’ में माही की अहम भूमिका है।
'मैं आर्मी में जाना चाहती थी'
माही जेपी की अगली फिल्म ‘मैड’ कर रही हैं। देहरादून के जाखन स्थित अपने घर पर पत्रकारों से बातचीत में माही ने अपने फिल्मी सफर के बारे में बताया। माही ने बताया कि वह ग्रेजुएशन करने पुणे गई थी।
इसी बीच फोटो शूट का ऑफर मिला। चूंकि मैं आर्मी में जाना चाहती थी, इसलिए ऑफर छोड़ दिया। लेकिन जब दोबारा कॉल आई तो मना नहीं कर सकी। इस फोटो शूट के बाद मौके मिलने लगे।
पहली फिल्म डायरेक्टर मोहित सूरी की ‘मर्डर’ थी। इसमें को-स्टार प्रशांत नारायणन थे। बताया कि 21 फरवरी को रिलीज हुई फिल्म ‘दि सैटरडे नाइट’ में मैंने ऐसी लड़की का किरदार निभाया है, जो फेसबुक के जरिए शादीशुदा युवक से प्यार कर बैठती है।
बाद में युवक की सचाई पता लगने पर उसका दिल टूट जाता है। इसके बाद प्रशांत उसकी जिंदगी में आता है और कहानी रोमांचक मोड़ ले लेती है।
माही ने बताया कि वह फिल्म ‘मैड’ में लीड किरदार की भूमिका में है। यह लव स्टोरी है। लड़की का पति इस कदर प्यार करता है कि कोई उसे देख भी लेता है तो वह पागल हो जाता है।
एक दिन स्वीमिंग पूल के पास से गुजरते हुए एक लड़के से टकराकर लड़की गिर जाती है। उसके हाथ से खून निकलने लगता है।
यह देख उसका पति बेकाबू होकर उस लड़के को पीटकर अधमरा कर देता है। इसी दौरान कहानी में एक मोड़ आता है, जिससे उनकी जिंदगी बदल जाती है।
मां के सपोर्ट से मिली सफलता
माही ने बताया कि मां किरन खंडूड़ी की मदद से मैं यह सब कर पाई। मेरे लिए मां और छोटा भाई करनदीप मुंबई शिफ्ट हो गए। पापा गिरीश चकराता कैंट बोर्ड में इंजीनियर हैं।