कानपुर हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) में चल रही दो दिवसीय 14वीं इंटरनेशनल एल्युमनाई मीट के आखिरी दिन पूर्व छात्रों ने वर्तमान छात्रों के साथ दौड़ लगाई। सुबह बड़ी संख्या में सभी विश्वविद्यालय के वेस्ट कैंपस से मेन-कैंपस तक दौड़े। इस बीच छात्रों ने खूब मस्ती की। दोपहर में एल्युमनाई एसोसिएशन की आमसभा भी हुई। तय हुआ कि अगले साल से एल्युमनाई मीट में 10 साल पुराने छात्र भी शामिल हो सकेंगे। अभी तक 25 साल की अनिवार्यता थी।
एसोसिएशन के सचिव और आईपीएस बलराम उपाध्याय ने यूनिवर्सिटी के विकास में उनकी भूमिका की बात कही। इसके अलावा अध्ययनरत छात्रों को मेंटरशिप प्रदान करने के लिए एसोसिएशन में अलग-अलग सेल का गठन किया जाएगा। एसोसिएशन की तरफ से विश्वविद्यालय में रोबोटिक लैब तैयार करवाने की घोषणा भी की। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. ओंकार सिंह, प्रो. आरके त्रिवेदी, प्रो. कृष्णराज, प्रो. मनोज शुक्ला, प्रो. रचना अस्थाना, प्रो. आरआर सिंह आदि मौजूद रहे।
1994 बैच की तरफ से दस लाख रुपये का हुआ ऐलान
यूनिवर्सिटी के 1994 बैच के छात्र और वेंचर कैटेलिस्ट के को-फाउंडर डॉ. अपूर्व रंजन शर्मा ने संस्थान को दस लाख रुपये का फंड देने का एलान किया गया। उन्होंने कहा कि वह अपनी कंपनी के जरिए संस्थान में इंक्यूबेशन और इनोवेशन सेंटर को सुविधाओं से युक्त करने का काम भी करेंगे। डॉ. अपूर्व के मुताबिक छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही उद्यमिता में जाना चाहिए। यह समय ऐसा होता है, जब वह रिस्क ले सकते हैं और आगे भी बढ़ सकते हैं।