कैंट अस्पताल को अपग्रेड किया जा रहा है। प्रदेश की 13 छावनियों में लखनऊ में पहला रेफरल हॉस्पिटल बनेगा।
इसके लिए प्रस्ताव चला गया है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही कैंट इलाके में पानी की दिक्कत दूर करने के भी प्रयास चल रहे हैं।
गिरते जलस्तर को बढ़ाने के लिए जल्द ही अस्पताल, स्कूल व दूसरी सरकारी इमारतों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का प्रस्ताव है। प्रोजेक्ट भेजा गया है। अगले वर्ष से पानी की इतनी दिक्कत नहीं होगी।
10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ेगा टैक्स
जब मैंने जून 2013 में पद संभाला उस दौरान परिषद में जबरदस्त आर्थिक तंगी थी। कर्मचारी धरने पर बैठे थे। किसी तरह कर्मचारियों का पेमेंट कराया। परिषद पर करीब 11 करोड़ की बकाएदारी है।
आर्थिक तंगी से निपटने के लिए फिलहाल 20 करोड़ रुपये के अतिरिक्त फंड की डिमांड की गई है। रेवेन्यू बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
नेहरू रोड पर बनी 72 दुकानों के ऊपर दूसरे तल पर भी नई दुकानें बनाई जाएंगी। इसके अलावा 10 से 20 प्रतिशत तक टैक्स बढ़ाया जाएगा। दिलकुशा गार्डन की फीस भी करीब दस हजार रुपये तक बढ़ा दी जाएगी।
गिरता जलस्तर पानी समस्या की मुख्य वजह
कैंट इलाके में एक हार्स पावर के 36 पंप, करीब 13 टयूबवेल और 40 एमईएस लगे हुए हैं। इलाके का वाटर लेवल भी ऊंचा है। जमीन से लगातार पानी खींचा जा रहा है। बारिश के पानी के संचयन का कोई जरिया नहीं है।
इसके चलते यहां पानी की समस्या है। इसलिए कैंट की सभी प्रमुख इमारतों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का प्रस्ताव है। अगर इस पर अभी से काम शुरू हो जाएगा तो आने वाले दो सालों में पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
शिक्षा का स्तर बेहतर करने के प्रयास
छावनी परिषद में सीमित संसाधनों में शिक्षा के स्तर को बेहतर करने के प्रयास जारी हैं। जल्द ही रेनबो स्कूल का रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा।
पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई के लिए कोई बेहतर ऑप्शन नहीं था। इसके लिए आर्य बाजार स्कूल को 12वीं तक की मान्यता दिलाने के प्रयास चल रहे हैं। जल्द ही इसे मान्यता मिल जाएगी।
बच्चों की खेल से जुड़ी प्रतिभाएं निखारने के भी प्रयास चल रहे हैं। बच्चों को बरेली सेंट्रल कमांड में होने वाली स्पोर्ट्स मीट के लिए तैयार किया जा रहा है।
हत्या को चुनाव से जोड़ने का तुक नहीं
छावनी परिषद के पूर्व सदस्य पप्पू पांडे की हत्या को होने वाले चुनावों से जोड़ने पर टिप्पणी जल्दबाजी होगी। मामले की जांच चल रही है। उसके बाद ही स्थिति साफ होगी। बताया जा रहा है कि हत्या पुरानी रंजिश की वजह से हुई है।