50 देशों के राजनयिकों के साथ सीएम जयराम ठाकुर
- फोटो : सोशल मीडिया
नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के तत्वावधान में हिमाचल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर मीट को सफल बनाने के उद्देश्य से लगभग 50 देशों के राजनयिकों को राज्य में निवेश की संभावनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस दौरान उनसे आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने देश के उद्यमियों, निवेशकों और व्यापार संघों को हिमाचल में अपनी पसंद के क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर निवेश करने के लिए प्रेरित व सहयोग करें।
इस अवसर पर विदेश राज्यमंत्री वी. मुरलीधरण ने कहा कि धर्मशाला में 7 व 8 नवंबर को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में पूरे विश्व के निवेशकों व व्यापार संघों को आमंत्रित किया जाना राज्य सरकार की एक अनूठी पहल है। विदेश मंत्रालय इसमें फैसिलिटेटर की भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के धर्मशाला में आयोजित होने वाली प्रथम ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को मूर्त रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा प्राकृतिक सौंदर्य व प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध हिमाचल में बेहतर अधोसंरचना, निवेश मित्र माहौल, शांत वातावरण और सरकार की उदार नीतियां संभावित निवेशकों और प्रदेश के लोगों के लिए कल्याणकारी सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर प्रदेश के उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के इच्छुक संभावित निवेशकों और उद्यमियों को निराश नहीं होना पड़ेगा और सरकार उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।