नगरोटा बगवां के मुख्य बाजार में जिला खाद्य आपूर्ति विभाग की अचानक छापामारी से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति रविंद्र ठाकुर की अगुवाई में विभाग के 9 निरीक्षकों तथा एक एसएसओ की टीम ने पुलिस की मदद लेकर दोपहर लगभग 1 बजे पूरे बाजार में छापामारी की।
एक ही समय में दुकानदारों को संभलने का मौका तक नहीं दिया जबकि यह छापामारी सायं लगभग 6 बजे तक जारी रही। इस दौरान विभाग द्वारा ढाबों, मिठाई, चाय तथा अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों से 21 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। जबकि किरयाना विक्रेताओं से 62 किलोग्राम पॉलीथिन के लिफाफे जब्त किए।
रविंद्र ठाकुर ने बताया कि पालीथिन के लिफाफे रखने वाले दो दुकानदारों से विभाग के नियमानुसार दो हजार रुपये का नकद जुर्माना किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई मलां से आरंभ करके नगरोटा बगवां के मुख्य बाजार पर की गई। विभागीय नियमों की अवहेलना करने वालों को विभाग कतई नहीं बख्शेगा।