गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा के दो छात्र जल्द बडे़ पर्दे पर दिखेंगे। आतंक के खिलाफ तथा देशभक्ति पर बन रही फिल्म ‘हम आवाज’ में अलंकृत सैनी और गुरजिंद्र सिंह लहर अभिनय की दुनिया में कदम रखेंगे।
मुंबई में जेसआर प्रोडक्शन की इस फिल्म का मुहूर्त तथा गीत की औपचारिक रिकार्डिंग को लांच किया गया। पांवटा के गुरु नानक मिशन स्कूल के छात्र अलंकृत सैनी तथा गुरजिंद्र सिंह लहर ने बताया कि निर्माता निर्देशक द्वीप राज कोचड़ पहले अक्कड़ बक्कड़ बम बे बो फिल्म बना चुके हैं।
मुहूर्त के दौरान फिल्म के सभी युवा कलाकार जाने माने निदेशक, कलाकारों तथा गायकों उदित नारायण, साधना सरगम, कैलाश खेर, द्वीप राज कोछड़, राजा रेंचो फेम अभिनेता डॉ. वेद थापर, सुशील योगी, राजेश शर्मा, लता शिखिर तथा आशीष जैन के साथ मौजूद रहे।
फिल्म के गीतों को साधना सरगम, उदित नारायण तथा कैलाश खेर जैसे नामी कलाकार आवाज दे रहे हैं। फिल्म की शूटिंग शीघ्र हिमाचल, पंजाब, उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली में होगी। मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा के प्रधानाचार्य बीएस सैनी ने कहा कि स्कूल के दो विद्यार्थी देशभक्ति फिल्म से अभिनय की दुनिया में कदम रख रहे हैं।