घटना दशहरे के दिन की बताई जा रही है। पूरा परिवार बाहर गया हुआ था।
सोमवार को रामोदेवी का छोटा बेटा मणि घर आया तो घर में सामान बिखरा देख होश
उड़ गए। जांच पड़ताल करने के बाद बड़ी चोरी की घटना का खुलासा हुआ।
सूचना
मिलते ही जाखल पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।
सीन आफ क्राइम की टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल चोरों के बारे में कोई
सुराग नहीं मिला है। पुलिस को दी शिकायत में जाखल गांव की बाजीगर बस्ती
निवासी रामो देवी पत्नी गुरमेल उर्फ मेला ने बताया कि उसके पति एक एनडीपीएस
मामले में पंजाब जेल में है। परिवार में उसकी लड़की सोना रानी, एक लड़का
मणि के अलावा बहन बलजीत कौर अपने पति कुलदीप सिंह के साथ घर की दूसरी मंजिल
पर रहते हैं। गत 22 अक्टूबर को सभी घर पर ताला लगाकर अपने पीहर सुनाम में
दशहरा देखने के लिए हुए थे।
सोमवार को उसके पति की जमानत याचिका
दाखिल की जानी थी। कुछ कागजात लेने के लिए उसका बेटा मणि सोमवार को घर आया
तो उन्होंने घर पर सामान बिखरा व अंदर के कमरों में ताले टूटे हुए देख घबरा
गया। उन्होंने घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही
सभी घर पर पहुंचे। जांच की तो सारा कीमती सामान चोरी हुआ पाया। उन्होंने
बताया कि घर के अंदर अलमारी के लॉकर में रखे उसके स्वयं के सभी गहने व बेटी
की शादी के लिए बनवाकर रखे हार, ब्रेसलेट, कानों के झुमके, अंगुठी इत्यादि
के साथ उसकी बहन के भी जेवरात व चांदी के गहने गायब है। उन्होंने बताया कि
अलमारी में करीब 50 तोले सोने के जेवरात व करीब 30 तोले चांदी के गहने थे।
जिनकी कीमत 15 लाख रुपये से भी ज्यादा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस
थाना प्रभारी रघुबीर सिंह, एएसआई सुरेश कुमार, एएसआई राजकुमार सहित पुलिस
टीम मौके पर पहुंची।
जाली तोड़कर घुसे चोर
छानबीन में पाया गया
कि चोर घर के पिछले कमरे में बनी खिड़की के सहारे घर में घुसे। खिड़की पर
लोहे की ग्रील नहीं थी। चोरों ने पहले शीशे वाले दरवाजे को खोलकर किसी औजार
से जाली को तोड़ कर खिड़की खोल ली। जिसके रास्ते चोर मकान मेें घुस गए व
घटना को अंजाम देकर इसी रास्ते फरार हो गए। पुलिस के अनुसार खिड़की में
फंसे एक दुपट्टे के कुछ टुकड़े भी बरामद किए गए हैं जिनमें गहनों को लपेट
कर रखा हुआ था। पुलिस इस दुपट्टे के सहारे चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर
रही है। मामले की सूचना तुरंत सीन ऑफ क्राइम की टीम को भी दे दी गई है।
जांच के बाद जल्द पकडे़ंगे चोर
थाना
प्रभारी रघुबीर सिंह ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर सीन ऑफ क्राइम की
टीम बुलाई गई है। छानबीन की जा रही है। घटनास्थल व उसके आस पास के इलाके
में बारीकि से जांच की जा रही है। चोरों का जल्द ही पता लगाया जाएगा। जांच
के उपरांत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।