उत्तराखंड के निजी और सरकारी तकनीकी शिक्षण संस्थानों की 12500 सीटों के लिए पहले चरण में सिर्फ 4021 दावेदार मिले हैं।
एसएमएस से मिलेगी सूचना
विवि की ओर से देरी से शुरू की गई काउंसिलिंग इसकी अहम वजह रही। फिलहाल 28 जुलाई को सीट आवंटन होगा, जिसकी सूचना एसएमएस से मिल जाएगी।
यूटीयू की प्रथम चरण की काउंसिलिंग में च्वाइस भरने का विकल्प 25 जुलाई की रात तक था। एनआईसी के मुताबिक 25 की रात 10:46 बजे अंतिम पंजीकरण हुआ। कुल 4497 छात्रों ने काउंसिलिंग फीस जमा कराई थी।
इनमें से 4455 ने पंजीकरण कराया और 4021 अभ्यर्थियों ने च्वाइस लॉक की है। आवंटित सीटों पर छात्र दो अगस्त के बीच दाखिला ले सकते हैं।
13 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण के साथ भरें विकल्प
इसके बाद द्वितीय चरण के लिए पांच अगस्त से नौ अगस्त के बीच फीस जमा होगी। सात से 13 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण के साथ विकल्प भरा जा सकता है।
सीट आवंटन 16 अगस्त को होगा। प्रथम चरण में अभ्यर्थियों के बेहद कम संख्या ने कॉलेजों की चिंता बढ़ा दी है। गत वर्ष भी बीटेक की 50 प्रतिशत सीटें खाली रह गई थीं।
(नोटः इस खबर से संबंधित किसी भी सुझाव या सवाल के लिए मेल आईडी-aftaba@ddn.amarujala.com और इस नंबर-8392922180 पर संपर्क कर सकते हैं।)