सुप्रीम कोर्ट की ओर से शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए जारी आदेश के आधार पर उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी (यूपीटीयू) ने सत्र 2014-15 का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
इसके मुताबिक यूपी राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) की काउंसलिंग जून में शुरू होगी। 30 जुलाई तक काउंसलिंग के सभी राउंड पूरे करते हुए सीट अलॉट करनी है। एक अगस्त से नया सत्र शुरू कर दिया जाएगा। खाली सीटों पर दाखिले 15 अगस्त तक होंगे।
यूपीटीयू ने प्रदेश के कॉलेजों को इस कैलेंडर के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट की ओर से निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा के नतीजे 5 जून तक घोषित हो जाने चाहिए।
इसके आधार पर होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया जून में शुरू करते हुए पहला चरण और सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया 30 जून तक समाप्त कर दिए जाएंगे।
दूसरे दौर की काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट 10 जुलाई तक और अंतिम दौर की काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट 20 जुलाई तक पूरे करने के निर्देश हैं।
कैलेंडर में तीन राउंड की व्यवस्था दी गई है लेकिन यूनिवर्सिटी चाहे तो किसी भी तरह काउंसलिंग करा सकती है लेकिन यह पूरी प्रक्रिया 30 जुलाई तक समाप्त कर ली जाएगी। एक अगस्त से नया सत्र 2014-15 शुरू होगा।
इसके बाद खाली बची सीटों पर 15 अगस्त तक दाखिले होंगे। इसके बाद किसी भी कोटे के तहत कोई भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष दाखिला मान्य नहीं होगा।
कब तक मिलेगी कॉलेजों को मान्यता?
सुप्रीम कोर्ट के आदेश में कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया के संबंध में भी आदेश दिए गए हैं। यूनिवर्सिटी को 15 मई तक कॉलेजों को सत्र 2014-15 की मान्यता/संबद्धता प्रक्रिया समाप्त करनी है।
दूसरी ओर, सुप्रीम कोर्ट के ही एक अन्य आदेश के आधार पर यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) ने निर्देश दिया है कि इस साल सीधे टेक्निकल यूनिवर्सिटी ही मान्यता/संबद्धता देगी।