देहरादून के एमकेपी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है। कॉलेज में चुनाव दस सितंबर को आयोजित होंगे। कॉलेज में चार सितंबर से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
एक सितंबर तक नामांकन पत्रों की बिक्री
कॉलेज में दाखिला लेने वाली छात्राओं को भी मतदान का अधिकार मिलेगा। एमकेपी में गुरुवार को चुनाव समिति की बैठक के बाद अधिसूचना जारी की गई। कॉलेज में 29 अगस्त से एक सितंबर तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी।
इसके बाद छात्राएं तीन सितंबर को नामांकन पत्र जमा करा सकती हैं, जिनका परीक्षण चार सितंबर को होगा। पांच सितंबर को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की नामों की अंतिम सूची इसी दिन दोपहर तीन बजे जारी कर दी जाएगी।
इसके बाद दस सितंबर को मतदान और इसी दिन मतगणना होगी। प्राचार्य डॉ. इंदु सिंह ने बताया कि लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत चुनावी खर्च की सीमा पांच हजार रुपए है।
विकास ग्रुप ने की प्रत्याशियों की घोषणा
कई वर्षों से डीएवी कॉलेज में जीत का रिकॉर्ड बना रहे विकास ग्रुप ने छात्रसंघ चुनावों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। गुरुवार को डीएवी कॉलेज के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रुप के संरक्षक आजाद अली और संचालक विकास नेगी ने प्रत्याशियों की घोषणा की।
डीएवी कॉलेज में शिवांग उनियाल और डीबीएस कॉलेज में अनिल पंवार को विवि प्रतिनिधि प्रत्याशी बनाया गया है। एमकेपी में संगठन सभी पदों पर चुनाव लड़ेगा।
अध्यक्ष पद पर आयुषी थलवाल, उपाध्यक्ष पद पर दिव्या पन, महासचिव पद पर सपना सकलानी, सह सचिव पद पर रिनिका नेगी, कोषाध्यक्ष पर रचना, विवि प्रतिनिधि पर वर्षा अरोड़ा और कार्यकारिणी सदस्य पद पर अनुराधा, शबाना व जूही चुनाव लड़ेंगी।
इसके अलावा ग्रुप की ओर से डाकपत्थर डिग्री कॉलेज में राहुल पंवार को विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। सेन्दुल कॉलेज घनसाली में दीपक उपाध्यक्ष पद पर और सुरेश विवि प्रतिनिधि पद पर चुनाव लड़ेंगे।
डीबीएस में चुनावी टीशर्ट पर रोक
डीबीएस कॉलेज में मुख्य चुनाव अधिकारी ने चुनावी टी शर्ट पर रोक लगा दी है। उधर, कॉलेज में पहले ही दिन नामांकन पत्र खरीदने की होड़ नजर आई।
डीबीएस कॉलेज की मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. प्रत्यूष वत्सला ने बताया कि कालेज में बैनर और प्रिंटिड पोस्टर के साथ प्रिंटिड टीशर्ट पर भी रोक लगाई गई है। कोई भी छात्र अपने प्रत्याशी या संगठन के लिए टीशर्ट पहनकर प्रचार नहीं कर सकेगा।
कॉलेज में नामांकन पत्र बिक्री का शुक्रवार को आखिरी दिन है। गुरुवार को बिक्री शुरू होने के बाद कुछ ही घंटों में 36 नामांकन पत्र बिक गए। इस बार भी गत वर्ष की तरह कुछ पदों पर दावेदारों की संख्या काफी हो सकती है। मुख्य चुनाव अधिकारी ने छात्रों से लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पालन करने की अपील की है।