उत्तराखंड तकनीकी विवि की सेमेस्टर परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही खामियों पर छात्र महासंघ ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने विवि प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी करते हुए व्यवस्था सुधारने की मांग की।
बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय पर छात्र महासंघ के अध्यक्ष भूपेंद्र नेगी के नेतृत्व में भारी संख्या में छात्र पहुंचे। उन्होंने यहां जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि उत्तराखंड तकनीकी विवि विभिन्न कोर्सेज की सेमेस्टर परीक्षाएं कराई जा रही हैं। विवि जो प्रश्न पत्र दे रहा है, वह सही तरह से नहीं बनाए गए हैं।
प्रश्न पत्रों में अधिकतम अक नहीं दिए जा रहे हैं। प्रश्न पत्रों में सेक्शन बना दिए गए हैं लेकिन उनमें यह नहीं बताया गया कि किस सेक्शन से कितने प्रश्न करने हैं। प्रश्नों के सामने उनके अंक प्रिंट नहीं किए गए हैं।
अनजान व्यक्ति बना रहे पेपर
छात्रों ने आरोप लगाया है कि पेपर को देखकर लग रहा है कि किसी अनजान व्यक्ति ने प्रश्न पत्र तैयार किए हैं, जो कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। छात्रों ने कहा कि बीटेक पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में तीन बार विवि ने पेपर बदला लेकिन परीक्षा रद्द नहीं की।
विवि के कुलपति का यह कहना कि परीक्षा सही सलामत संपन्न हुई है, जो कि सरासर गलत है। छात्रों ने बताया कि प्रोफेशनल कोर्सेज की परीक्षा शुरू होने पर एक दिन पहले परीक्षा केंद्र बदल दिया गया, जिस वजह से छात्रों को करीब दस किलोमीटर दूर परीक्षा देने जाना पड़ा।
छात्रों ने आरोप लगाया है कि विवि की कार्यप्रणाली से लग रहा है जैसे कि वह खुलेआम छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की जाए। कार्रवाई न हुई तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में मोहन भंडारी, आयुष गुप्ता, रक्षित सजवाण, चंदन कश्यप, प्रीतम रावत, प्रदीप बिष्ट आदि मौजूद रहे।