मंगलवार को हुए टावर ड्रामे के बाद 'नेताओं' ने बुधवार को डीएवी कॉलेज में जमकर उत्पात मचाया।
उग्र छात्र नेताओं ने प्राचार्य कार्यालय, मास कम्यूनिकेशन सहित कई विभागों में जमकर तोड़फोड़ की। शाम को प्राचार्य की तहरीर पर 50 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। साथ ही प्राचार्य ने तीन दिन के लिए कॉलेज बंद कर दिया है।
डीएवी कॉलेज में सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू न होने से नाराज एबीवीपी, एनएसयूआई और आर्यन ग्रुप के छह छात्र नेता मंगलवार को दो टावरों पर चढ़ गए थे। शाम को सीएम के आश्वासन पर छात्र नेता नीचे उतर आए थे। बुधवार को प्रबंधन, सरकार और छात्र नेताओं की बैठक होनी थी।
छात्र नेताओं ने इस संबंध में प्रबंधन के एक अधिकारी को फोन किया तो उन्होंने इसकी जानकारी से इनकार कर दिया। इस पर छात्र नेता प्राचार्य से मिलने पहुंचे, लेकिन वे कुलपति के साथ बैठक में थे। प्राचार्य के न मिलने पर छात्रनेताओं ने कार्यालय में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
कार्यालय में रखी मेज, कुर्सी, पीछे की ओर रखा कंप्यूटर, आलमारी, एलसीडी सहित गमले भी तोड़ दिए गए। छात्रों ने कई मेज और कुर्सियां कार्यालय से नीचे भी फेंक दी। इस दौरान उनकी पुलिस कर्मियों से तीखी बहस हुई।